Breaking News

कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने दर्ज किया देवर पर दुष्कर्म व पति सहित तीन पर मारपीट का केस

भटनी, देवरिया। भटनी थानाक्षेत्र के एक गांव में विवाहिता से छेड़खानी, दुष्कर्म व मारपीट के मामले में कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने पीड़िता के देवर पर दुष्कर्म और उसके पति सहित तीन लोगों पर मारपीट के आरोप में गुरूवार को मुकदमा दर्ज किया। पीड़िता देवरिया सदर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली है। आरोप है कि दो साल पहले देवर ने पहले छेड़खानी फिर दुष्कर्म किया था। पति से शिकायत करने पर पति व परिवार के लोगों ने मारपीट कर इस मामले को दबाने का प्रयास भी किया था। सदर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली महिला की शादी भटनी थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई थी। शादी के एक साल बाद पति नौकरी के सिलसिले में बाहर चला गया। आरोप है कि घर पर मौजूद देवर उस महिला के साथ छेड़खानी करने लगा।

महिला ने लज्जावश पहले कुछ नहीं बोला। इससे आरोपित का मनोबल बढ़ता गया। आरोप है कि एक दिन मौका पाकर आरोपित ने अपनी भाभी से दुष्कर्म किया। महिला ने जब इसकी शिकायत परिवार में व अपने पति से की तो बदनामी के डर से पति व परिवार के अन्य लोगों ने मामले को दबाने का प्रयास किया। महिला के नहीं मानने पर ससुराली उसे मारपीट कर घर से निकाल दिये । शिकायत के बाद भी स्थानीय पुलिस की ओर से सिर्फ कार्यवाही का आश्वासन मिला। महिला ने कोर्ट में न्याय की गुहार लगाई। दो साल बाद कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने सभी आरोपितों पर केस दर्ज किया है। इस दौरान थानाध्यक्ष गोपाल पांडेय ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button