Politics

देवरिया में ओमप्रकाश राजभर का अखिलेश यादव पर हमला, बोले- हिन्दू वोट के लिए कर रहे ड्रामा

देवरिया के सोनूघाट में आयोजित सामाजिक समरसता महारैली में सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि हिन्दू वोट हासिल करने के लिए अखिलेश यादव पीडीए रथ यात्रा में भगवा रंग की बस में बैठकर राजनीतिक ड्रामा कर रहे हैं। महारैली में सामाजिक समरसता, पिछड़े और वंचित समाज के अधिकार, शिक्षा, रोजगार एवं सामाजिक न्याय जैसे मुद्दे प्रमुख रहे। राजभर ने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।

देवरिया। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वे रंग बदलने में माहिर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हिन्दू मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए अखिलेश यादव पीडीए रथ यात्रा में भगवा रंग की बस में बैठकर राजनीतिक ड्रामा कर रहे हैं और वोट के लिए अलग-अलग रूप धारण कर रहे हैं।

राजभर रविवार को देवरिया क्षेत्र के सोनूघाट चौराहे स्थित जनता इंटर कॉलेज के मैदान में सुभासपा की देवरिया जिला इकाई की ओर से आयोजित सामाजिक समरसता महारैली को संबोधित कर रहे थे। महारैली में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं आमजन मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

अपने संबोधन में ओमप्रकाश राजभर ने सामाजिक समरसता, पिछड़े एवं वंचित समाज के अधिकार, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के सम्मान, अधिकार और भागीदारी के लिए लगातार संघर्ष करती रही है और आगे भी समाजहित में कार्य करती रहेगी।

उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सामाजिक भागीदारी और वंचित वर्गों के अधिकारों को लेकर संगठन का अभियान लगातार जारी रहेगा।

महारैली को सुभासपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य बिच्छेलाल राम राजभर, राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव महिला मंच सुनीता राजभर, प्रदेश महासचिव सभापति कुशवाहा, प्रदेश महासचिव बलवंत कुशवाहा, मंडल अध्यक्ष इंद्रेश राजभर, मंडल महासचिव देवेंद्र राजभर, मंत्री प्रतिनिधि एवं मंडल महासचिव बृजेश राजभर, पूर्व जिला प्रमुख महासचिव चंद्रशेखर राजभर ‘गुड्डू’, जिला प्रमुख महासचिव राकेश राजभर सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया।

महारैली में क्षेत्रीय पदाधिकारी, पार्टी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए। भीड़ के चलते कार्यक्रम स्थल पर काफी देर तक उत्साह का माहौल बना रहा। कार्यक्रम के अंत में सुभासपा के जिलाध्यक्ष अनूप राजभर ने महारैली में उपस्थित जनता, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और नेताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

ग्रेटर नोएडा में योगी का बड़ा हमला, राहुल गांधी और हामिद अंसारी पर साधा निशाना

हर सप्ताह होगा बड़ा भर्ती इवेंट, छह महीने में एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी: मुख्यमंत्री

Related Articles

Back to top button