अब बहाने नहीं चलेंगे, नगर आयुक्त ने सोनिया तालाब और शहीद उद्यान के लिए तय की डेडलाइन
वाराणसी में नगर निगम के विकास कार्यों की धीमी गति पर नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी ने सख्त रुख अपनाया है। सिगरा स्थित सोनिया तालाब और शहीद उद्यान के सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों व कार्यदायी फर्मों को कड़ी चेतावनी दी। शहीद उद्यान का काम 10 दिसंबर और सोनिया तालाब का सौंदर्यीकरण 25 दिसंबर तक पूरा करने का निर्देश दिया गया है। समय-सीमा में काम पूरा नहीं होने पर संबंधित फर्मों के खिलाफ कार्रवाई और ब्लैकलिस्ट करने की चेतावनी दी गई है।
वाराणसी: नगर निगम के विकास कार्यों में सुस्ती अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी ने सोमवार को सिगरा क्षेत्र स्थित सोनिया तालाब और शहीद उद्यान के सौंदर्यीकरण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। दोनों ही स्थानों पर कार्यों की धीमी गति और लापरवाही मिलने पर उन्होंने संबंधित कार्यदायी फर्मों और अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए कार्यों को पूरा करने की अंतिम समय-सीमा निर्धारित कर दी है।
निरीक्षण के दौरान सिगरा स्थित शहीद उद्यान में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्य तय समय से काफी पीछे और बेहद धीमी गति से चलता मिला। कार्यों में प्रभावी पर्यवेक्षण के अभाव को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त ने अधिशासी अभियंता (सिविल) अगम कटियार को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि 10 दिसंबर तक कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा नहीं हुआ, तो संबंधित कार्यदायी फर्म को ब्लैकलिस्ट करने की संस्तुति सहित कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता (सिविल) सुरेश चंद्र, कुणाल कालरा (आर्किटेक्ट) समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

सोनिया तालाब का निरीक्षण:-
वहीं सिगरा स्थित सोनिया तालाब के निरीक्षण के दौरान सौंदर्यीकरण का कार्य पूरी तरह बंद मिला और तालाब में पानी भी भरा हुआ था। प्रगति अत्यंत धीमी मिलने पर नगर आयुक्त ने कार्यदायी फर्म की कार्यप्रणाली पर गहरा असंतोष जताया।उन्होंने निर्देश दिए कि सर्वप्रथम तालाब में शेष बचे पानी की तत्काल निकासी सुनिश्चित की जाए। साथ ही, कार्यस्थल पर श्रमिकों और मशीनों की संख्या बढ़ाकर युद्धस्तर पर काम शुरू किया जाए।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि 25 दिसंबर तक सौंदर्यीकरण का समस्त कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा हो जाना चाहिए। तय समय पर काम पूरा न होने पर फर्म के खिलाफ कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। निरीक्षण के दौरान स्मार्ट सिटी के सीजीएम अमरेंद्र तिवारी व अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।
नगर आयुक्त का एक्शन शुरू, पहले ही दिन दफ्तर से घाटों तक औचक निरीक्षण, अधिकारियों को लगाई फटकार



