Breaking News

भ्रष्टाचार, अनियमितता की एक भी घटना स्वीकार्य नहीं : योगी

मंडलीय दौरों से लौटे मंत्रियों ने बताए अनुभव, विकास के लिए दिए सुझाव.मुख्यमंत्री योगी की अध्यक्षता में मंगलवार को मंत्रिपरिषद की हुई बैठक.

लखनऊ । लोकनिर्माण विभाग और स्वास्थ्य विभाग में तबादलों पर उठे सवाल के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंत्रिपरिषद की बैठक में कहा कि भ्रष्टाचार, अनियमितता की एक भी घटना स्वीकार्य नहीं है। निर्णय मेरिट के आधार पर लें। जल्दबाजी में कोई निर्णय न लें। जनता की भावनाओं के अनुरूप ही सरकार काम करेगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को मंत्रिमण्डल के बाद मंत्रिपरिषद की बैठक की। इस बैठक में मंत्रियों ने अपने मण्डलीय दौरों का अनुभव साझा किया और कुछ सुझाव भी दिए। मंत्रिपरिषद के सदस्यों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार गठन के उपरांत ‘सरकार आपके द्वार’ की भावना के साथ गठित 18 मंत्री समूह मंडलीय भ्रमण के लिए गठित किये गए थे। मंत्री समूहों के मंडलीय भ्रमण के दो चरण पूर्ण हो चुके हैं।

उन्होंने कहा कि पांच जुलाई को हमारी सरकार ने दूसरे कार्यकाल के प्रथम 100 दिन भी पूर्ण कर लिए हैं। प्रत्येक मंत्री मीडिया के माध्यम से विभागीय उपलब्धियों का ब्यौरा जनता के समक्ष प्रस्तुत कर रहे हैं। यह हमारा दायित्व भी है कि हम जनता को अपनी कार्यप्रणाली, योजनाओं, जनहित के लिए किए ज रहे प्रयासों की जानकारी दें। यह कार्य नियमित अंतराल पर आगे भी जारी रखा जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मंत्री समूह की रिपोर्ट सम्बंधित जिलों के नोडल अधिकारियों को दी जाए, ताकि जन अपेक्षाओं के अनुरुप विकास कार्यों को गति दी जा सके, साथ ही मंत्रीगणों ने जिन क्षेत्रों में सुधार की जरूरत बताई है, उस पर अमल किया जाए।

हम एक लोकतांत्रिक व्यवस्था में हैं। मंडलीय भ्रमण के दौरान हमें विपक्षी दलों के जनप्रतिनिधियों से संवाद कर सुझाव लेना चाहिए। कैबिनेट मंत्री अपने राज्य मंत्रियों के साथ समन्वय बनाये रखें। विभागीय बैठकों में राज्य मंत्रियों को बुलाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि थाना दिवस, तहसील दिवस, विकास खण्ड दिवस को अपने उद्देश्यों मं सफल बनाने में मंत्री भी अपनी भूमिका का निर्वहन करें। लैंड डिजिटाइजेशन के कार्य को तेज किया जाए।

बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के किसी भी जिला में अवैध टैक्सी स्टैंड, बस स्टैंड, रिक्शा स्टैंड संचालित न हों। ऐसे स्टैंड पर अवैध वसूली होने को बढ़ावा देते हैं। जहां कहीं भी ऐसी गतिविधियां संचालित हो रही हों, उन्हें तत्काल बंद कराया जाए। ई-रिक्शा का रूट तय होना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनवरी 2023 में ग्लोबल इन्वेस्टर समिट का आयोजन प्रस्तावित है। इससे पूर्व मंत्री समूहों को विभिन्न देशों में भ्रमण के लिए जाकर वहां के औद्योगिक जगत में उत्तर प्रदेश के ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के लिए अनुकूल माहौल तैयार करना होगा।

मंत्रिमंडल की बैठक में एक-एक कर सभी 18 मंत्री समूहों के अध्यक्षों ने अपने प्रभार वाले मंडलों की जिलावार स्थिति के बारे में जानकारी दी। मंत्रियों ने बताया कि मंडलीय भ्रमण के दौरान मंडलीय समीक्षा बैठक कर विकास परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति का जायजा लिया गया। कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता के लिए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए। विस्तृत रिपोर्ट मुख्यमंत्री कार्यालय को उपलब्ध करा दी गई है।(हि.स.)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button