
भाजपा के साथ जाने की खबरें निराधार : राजभर
लखनऊ । विधानसभा चुनाव में गाजीपुर जिले के जहूराबाद विधानसभा क्षेत्र से विजयी हुए सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने शनिवार को बड़ा बयान दिया। राजभर ने भाजपा-नीत राजग में जाने की अटकलों पर कहा कि सुभासपा का पहले से ही सपा के साथ गठबंधन है, फिर दूसरे गठबंधन में जाने का सवाल ही नहीं है।
राजभर ने कहा कि वे अखिलेश यादव के साथ हैं और रहेंगे। सुभासपा के भाजपा-नीत राजग के साथ जाने की खबरें निराधार हैं। उनकी और अमित शाह की हाल ही में वायरल हुई फोटो पुरानी है। ये सिर्फ एक स्टंट है। उनके इरादे कमजोर नहीं होंगे। उन्होंने दो टूक कहा कि 25 मार्च को होने वाले योगी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में वह मंच पर नहीं होंगे। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की बात कही।
उल्लेखनीय है कि होली की शाम को सुभासपा अध्यक्ष राजभर के दिल्ली जाने और गृहमंत्री अमित शाह से मिलने की चर्चा ने जोर पकड़ा। सोशल मीडिया पर एक फोटो भी वायरल हुई। इसके बाद राजभर नें शनिवार को बयान जारी कर सभी बातों का खंडन किया।(हि.स.)



