
दुद्धी, सोनभद्र– गुरुवार को दुद्धी ब्लॉक के नवागत बीडीओ सुनील सिंह ने दुद्धी ब्लॉक का कार्यभार ग्रहण कर लिया। दुद्धी में कार्यभार ग्रहण करते ही ब्लॉक कर्मचारियों की उपस्थिति को लेकर समीक्षा की। ब्लॉक स्तर पर कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों के वाबत वरिष्ठ लिपिक से ब्यौरा तलब किया।उन्होंने ब्लॉक के समस्त जिम्मेदार कर्मचारियों को कर्तव्य बोध कराते हुए कहा कि सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का हर जरूरतमंद तक मदद पहुचाने की जिम्मेदारी हम सबकी है। गुरुवार को पहले दिन आयुष्मान भारत के अंतर्गत बनने वाले कार्ड की प्रगति तथा मनरेगा के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में चल रहे कार्यों की समीक्षा किया।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत की प्रगति अच्छी नहीं है और इसमें बेहतर तरीके से कार्य करने के लिए उन्होंने रोजगार सेवक,सफाई कर्मी ,आशा,आंगनबाड़ी सहित अन्य पंचायत स्तर पर कार्य करने वाले कर्मचारियों को अपनी ड्यूटी ईमानदारी से करने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत तथा मनरेगा योजना के कार्यों में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जायेगी। ब्लॉक के कई अधिकारियों की एक साथ अवकाश लेने को लेकर भी उन्होंने नाराजगी जाहिर की। बतादें कि इसके पूर्व बीडीओ सुनील सिंह वर्ष 2016 -17 में दुद्धी में कार्य कर चुके हैं।इसके बाद इनका तबादला गैर जनपद हो गया था।गैर जनपद से स्थानांतरित होकर पुनः सोनभद्र में आए और चोपन बीडीओ के पद पर कार्यरत रहे।



