Breaking News

उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा में नरेन्द्र मोदी का अहम योगदान : योगी आदित्यनाथ

लखनऊ । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर ‘‘कहानी भारत मां के सच्चे सपूत की’’ चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं ब्रजेश पाठक भी उपस्थित रहे।

इस मौके पर आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा में प्रधानमंत्री मोदी ने जो योगदान दिया है, वह हम सबके लिए प्रेरणादायी है। भारत की वर्तमान विकास यात्रा का शुभारम्भ अविनाशी काशी से हम देख सकते हैं। वह काशी के सांसद के रूप में अपनी यात्रा को आगे बढ़ाते हैं और भारत का नेतृत्व करते हैं। देश की आजादी के समय हमारे महापुरुषों ने जो सपने देखे थे, वो सपने आज मोदी के नेतृत्व में पूरे हो रहे हैं। आज शासन की योजनाओं के माध्यम से हम समाज के अंतिम व्यक्ति के जीवन में परिवर्तन होते हुए देख रहे हैं।

मोदी ने कहा था कि सामर्थ्यवान ही अपनी स्वतंत्रता की रक्षा कर सकता है। श्रम शक्ति के बल पर ही हम वैभवशाली बन सकते हैं। सामर्थ्यवान वहीं होगा, जहां एकता होगी। विकसित भारत के निर्माण का, विरासत के प्रति सम्मान का, आपसी एकता का, अपने कर्तव्यों के प्रति ईमानदारी का और हर व्यक्ति अगर अपने स्तर से प्रयास करे तो आत्मनिर्भर भारत बन सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि हो, युवाओं के लिए मुद्रा योजना, किसान बीमा योजना यानी समाज जीवन के प्रत्येक क्षेत्र के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने अनेक योजनाएं शुरू कीं। आदित्यनाथ ने कहा कि जब हम आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं तो हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि भारत आज इंग्लैण्ड की अर्थव्यवस्था को पीछे छोड़कर पांचवी बड़ी अर्थव्यवस्था बना है। आज प्रदेशभर में रक्तदान शिविर लगाए जा रहे हैं। कल प्रदेशभर में आरोग्य मेले का आयोजन किया जाएगा।

सेवा अनुशासन व राष्ट्र के प्रति समर्पण का भाव पैदा करें

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री बिना थके बिना रुके एक दिन का विश्राम किये बिना अनवरत कार्य कर रहे हैं। सेवा ही हमारा संगठन है, यह प्रेरणा प्रधानमंत्री मोदी से मिली है। मौर्य ने कहा कि पूरी दुनिया के लोग आज मोदी की कार्यशैली से आश्चर्यचकित होते हैं। भारत में यूपी का माडल और दुनिया में भारत का माडल आज लोकप्रिय हो रहा है। सेवा में अपने को समर्पित कर मोदी की भावना का सम्मान करें।

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि गरीबों के लिए सैकड़ों योजनाएं शुरू करने का काम प्रधानमंत्री मोदी ने किया है। कोरोना काल में लोगों को कोरोना जैसी महामारी से बचाने का काम किया। मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने कहा कि मोदी का विजन, जो उनका मार्गदर्शन मिल रहा है, वह हम देशवासियों को मिलता रहे।(हि.स.)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button