नागपंचमी से पहले नागकुआं पहुंचे नगर आयुक्त, दिए सख्त निर्देश
वाराणसी में नागपंचमी पर्व को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने जैतपुरा स्थित ऐतिहासिक नागकुआं क्षेत्र का औचक निरीक्षण कर सफाई, प्रकाश, पेयजल और जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को मेला क्षेत्र में पर्याप्त रोशनी, निर्बाध पेयजल और बेहतर स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बाद में औसानगंज वार्ड का भी निरीक्षण किया।
वाराणसी : नागपंचमी पर्व के दृष्टिगत रविवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने जैतपुरा स्थित ऐतिहासिक नागकुआं क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मेला क्षेत्र और आसपास की सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा जल निकासी का बारीकी से जायजा लिया। कहाकि पर्व के दौरान उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। इसका विशेष ध्यान रखा जाय ।
उन्होंने पूरे परिसर में पर्याप्त लाइटिंग (प्रकाश) व्यवस्था और निर्बाध स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के आदेश दिए। नागकुआं के उपरांत नगर आयुक्त ने औसानगंज वार्ड का भी गहन निरीक्षण किया और वहां की नागरिक सुविधाओं की स्थिति देखी। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पार्षद, जलकल विभाग के जेई, सिविल विभाग के जेई तथा सफाई निरीक्षक (एसएफआई) अवनीश दुबे सहित निगम के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेला क्षेत्र व आसपास के वार्डों में सफाई व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
यूपी में बनेंगे 10 हजार ‘गो मित्र’, क्या है योगी सरकार की योजना



