Entertainment

मुकेश खन्ना के बड़े भाई सतीश खन्ना का निधन

दस दिन पहले नेगेटिव आई थी कोरोना रिपोर्ट

मुंबई । कोरोना के कहर से अब कोई भी अछूता नहीं रहा है। बड़े से बड़े स्टार्स इस संक्रमण की चपेट में आ चुके है। मनोरंजन जगत से भी सितारों के संक्रमित होने की खबर आ रही है। वहीं खबर आ रही है कि सुप्रसिद्ध टीवी धारावाहिक `महाभारत` में भीष्म पितामाह और `शक्तिमान` शो के मशहूर अभिनेता मुकेश खन्ना के बड़े भाई सतीश खन्ना का निधन हो गया। सतीश खन्ना का कोरोना संक्रमण से जुड़ी परेशानियों के बाद आए हार्ट अटैक से निधन हो गया। वो 84 साल के थे।

मुकेश खन्ना ने एक चैनल को अपने बड़े भाई के निधन की जानकारी साझा करते हुए कहा कि, `कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद मेरे बड़े भाई सतीश खन्ना होम क्वारंटीन हो गए थे। वो डॉक्टरों द्वारा बताए तमाम एहतियात भी बरत रहे थे और दवाईयां ले रहे थे। 8 अप्रैल को उनकी कोरोना रिपोर्ट भी निगेटिव आ गई थी। शनिवार की दोपहर को भाई बेहद कमजोरी महसूस कर रहे थे और अपने बड़े बेटे की गोद में ही वो चल बसे`। मुंबई स्थित घर पर ही उनका निधन हो गया। उन्होंने कहा कि, `मुंबई में बांद्रा के पाली हिल इलाके में रहने वाले सतीश खन्ना को अटैक आने के तुरंत बाद अस्पताल ले जाया गया था लेकिन अस्पताल में एडमिट होने से पहले ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया`।

अपने भाई के बारे में बात करते हुए मुकेश खन्ना ने कहा कि, `भाई साहब बचपन से क्रिकेट, फुटबॉल, टेनिस जैसे कई खेल खेलने के शौकीन थे। उन्हें टेनिस से काफी लगाव था। जब तक उन्हें कोरोना नहीं हुआ था वो शारीरिक रुप से फिट थे और रोजाना टेनिस खेलते थे।

सतीश खन्ना भारत स्काउट्स ऐंड गाइड्स के कई बार अध्यक्ष भी बने थे। गौरतलब है कि मुकेश खन्ना पिछले दिनों कोरोना के मरीजों, अस्पताल, ऑक्सीजन सिलेंडर, रेमडीसिविर इंजेक्शों की कमी को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिय जाहिर कर चुके हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर चुनावों और धार्मिक आयोजनों में जुटी भीड़ को लेकर भी सवाल उठाया था।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button