
सांसद ने किया भाजपा कार्यालय का उद्घाटन
बरहज, देवरिया । विधानसभा चुनाव के लिये भारतीय जनता पार्टी के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन शुक्रवार को मंत्रोच्चार, पूजन पाठ और वैदिक विधि से किया गया। कार्यालय का उद्घाटन मुख्य अतिथि बांसगांव सांसद कमलेश पासवान द्वारा किया गया। इस अवसर पर सांसद कमलेश पासवान ने कहा कि भाजपा पं0 दीनदयाल उपाध्याय के आदर्शों पर चलने वाली पार्टी है। भाजपा केवल सत्ता में आने की लालसा से नहीं अपितु सेवा भाव के उद्देश्य से कार्य करती है। एकात्म मानववाद के प्रेरणा से प्रेरित होकर भाजपा सदैव समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान व सबका साथ सबका विकास पर कार्य करती है। बरहज विधानसभा 342 के प्रत्याशी दीपक मिश्रा ने कहा कि यह चुनाव बहुत ही महत्वपूर्ण है। इसका परिणाम आने वाले दिनों में विकास के पहिए को एक नया मार्ग प्रशस्त करेगा। केंद्र व प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं एवम रुके हुए अधूरे कार्यों को गति मिलेगी।
भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष काशी पति शुक्ला ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं की पार्टी है, चुनाव में कर्मठी, स्वच्छ छवि, बेदाग व्यक्तित्व को पार्टी ने बरहज विधानसभा का उम्मीदवार बनाया है, यह गौरव की बात है। हम सभी को मिलकर सकारात्मक परिणाम लाने होंगे। जिला पंचायत सदस्य अखंड प्रताप सिंह ने कहा कि इस महत्वपूर्ण चुनाव को हम सभी कार्यकर्ताओं को स्वयं को प्रत्याशी मानकर गांव गांव नगर नगर प्रचार-प्रसार करने की आवश्यकता है, आज सभी तरफ केंद्र एवं प्रदेश की योजनाओं के कारण लोगों में हर्ष व्याप्त है। हमें उन तक पहुंच अपने स्वच्छ छवि के प्रत्याशी के प्रति वोट के लिए अपील करना है। सभा को भाजपा नेता अमित जायसवाल, पूर्व चेयरमैन अजीत जायसवाल आदि ने भी संबोधित किया। सभा की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष डॉ अंतर्यामी सिंह ने किया। इस दौरान भागलपुर ब्लॉक के प्रधान संघ अध्यक्ष ऋषि नाथ मिश्र, कृष्ण मोहन पाठक, प्रदीप तिवारी, बजरंगी तिवारी, अधिवक्ता ज्योति मिश्रा, अमरेंद्र गुप्ता, पंकज सिंह, इंद्रजीत उर्फ गुड्डू प्रसाद, मनोज कुमार शर्मा, शुभम , राजेश ,अनुज, राकेश, सत्या रघुराज, धीरेंद्र आदि लोग मौजूद रहे।



