
कोरोना के आठ हजार से अधिक नये मामले, केरल अभी भी आगे
मराठवाड़ा में कोरोना के 20 नए मामले, एक की मौत ,अमेरिका के 10 राज्यों में पहुंचा ओमिक्रोन
देश में पिछले 24 घंटाें के दौरान कोरोना वायरस के 8,603 नये मामले सामने आये हैं और 415 लोगों की इस महामारी से मौत हुई है।केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शनिवार सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार देश में पिछले 24 घंटों के दौरान सक्रिय मामलों की संख्या एक लाख से घटकर 99974 हो गई है। कोराेना संक्रमण के 8,603 नए मामले सामने आने के साथ संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर तीन करोड़ 46 लाख 24 हजार 360 हो गई है। गुरुवार देर रात तक 8,190 मरीजों के स्वस्थ होने के साथ ही महामारी को मात देने वालों की संख्या बढ़कर तीन करोड़ 40 लाख 53 हजार 856 हो गई है।
गौरतलब है कि पिछले 24 घंटे में इस जानलेवा वायरस के संक्रमण से 415 मरीजों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर चार लाख 70 हजार 530 हो गया है। देश में सक्रिय मामलों की दर 0.29 फीसदी, रिकवरी दर 98.35 फीसदी और मृत्यु दर 1.36 फीसदी पर बरकरार है।मंत्रालय के अनुसार इसी अवधि में 73 लाख 63 हजार 706 कोविड टीके लगाये गये हैं। इसके साथ ही अभी तक 126 करोड़ 53 लाख 44 हजार 975 कोविड टीके दिये जा चुके हैं।
देश में केरल सक्रिय और मृतकों के मामलों में अभी भी आगे है। राज्य में सक्रिय मामले 263 बढ़कर 45293 हो गये है। राज्य में 4463 मरीजों के स्वस्थ होने से कोरोनामुक्त होने वालों की तादाद बढ़कर 5070497 हो गयी है। इसी अवधि में 269 मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 41124 हो गयी है।महाराष्ट्र में सक्रिय मामले 77 घटकर 10805 रह गये है, जबकि 100 और मरीजों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 141149 हो गया है। वहीं 45 और मरीजों के कोरोना मुक्त होने से इनकी कुल संख्या बढ़कर 6485335 हो गयी है।
महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस (कोविड-19) महामारी के 20 नए मामले सामने आये और इस दौरान एक व्यक्ति की इस महामारी से मौत हो गई।स्वास्थ्य अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।मराठावाड़ा के आठ जिला मुख्यालयों से मिली रिपोर्ट के अनुसार कोरोना संक्रमण से बीड जिला सबसे अधिक प्रभावित है, यहां इस अवधि में चार नए मामले दर्ज किये गये और एक व्यक्ति की मौत हो गई। इसके बाद लातूर में आठ मामले, औरंगाबाद में तीन मामले, परभणी और जालना में दो-दो मामले और नांदेड़ में एक मामला दर्ज किया गया। इस दौरान हिंगोली और उस्मानाबाद में एक भी मामला सामने नहीं आया है।
अमेरिका के 10 राज्यों में पहुंचा ओमिक्रोन
अमेरिका के 10 राज्यों में कोविड-19 के नये वेरिएंट ओमिक्रोन के मामले सामने आये हैं।स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को मैरीलैंड, नेब्रास्का, पेंसिल्वेनिया, न्यू जर्सी और यूटा राज्यों में ओमिक्रोन के मामले सामने आए हैं। इस सप्ताह की शुरुआत में कैलिफोर्निया, कोलोराडो, हवाई, मिनेसोटा और न्यूयॉर्क में ओमिक्रोन के मामले दर्ज किये गये थे।ओमिक्रोन का पहला मामला दक्षिणी अफ्रीका में सामने आया था और इसके बाद यह अमेरिका, मुख्य रूप से पश्चिमी देशों में नए यात्रा प्रतिबंधों और सार्वजनिक स्वास्थ्य उपायों का कारण बनते हुये एक बड़ी परेशानी बन गया है।



