National

मोदी ने विमान दुर्घटनास्थल का लिया जायजा, अस्पताल में घायलों का हालचाल जाना

अहमदाबाद :प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को अहमदाबाद के मेघानीनगर में हुए विमान दुर्घटनास्थल पर पहुंचे और वहां को जायजा लेने के बाद उन्होंने अस्‍पताल पहुंचकर घायलों से भी मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। विमान हादसे से पूरा देश शोक में हैं।प्रधानमंत्री ने दुर्घटना में एकमात्र जीवित बचे व्यक्ति रमेश विश्वास से भी मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली और अन्य घायलों से भी उनका हालचाल जाना।श्री मोदी विमान दुर्घटना के बाद पल-पल पर अपनी नजर बनाये हुए हैं। प्रधानमंत्री के साथ केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम माेहन नायडू, गुजरात के मुख्‍यमंत्री भूपेंद्र पटेल और कई शीर्ष अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद रहे और घटनास्थल का बारीकी से जायजा लिया।

प्रधानमंत्री ने कहा, “आज अहमदाबाद में दुर्घटनास्थल का दौरा किया। तबाही का मंजर दुखद है। अधिकारियों और टीमों से मुलाकात की जो घटना के बाद अथक परिश्रम कर रहे हैं। हमारी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं जिन्होंने इस अकल्पनीय त्रासदी में अपने प्रियजनों को खो दिया है।

”गौरतलब है कि गुरुवार दोपहर में एयर इंडिया का विमान 786 उड़ान भरने के दो मिनट बाद ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। विमान में चालक दल के 12 सदस्य सहित कुल 242 यात्री सवार थे। इस हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी का भी निधन हो गया। विमान में सवार यात्रियों में 169 भारतीय नागरिक, 53 ब्रिटिश, सात पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक था। इस हादसे में भारतीय मूल के ब्रिटिश नागरिक रमेश विश्वास ही जीवित बचे है। उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।विमान दुर्घटना के बाद कल शाम गृह मंत्री अमित शाह ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया था। इस बीच विमान हादसे की जांच भी तेज हो गई है। सरकार ने जांच के लिए हाई लेवल कमेटी बनाई है।

अहमदाबाद में हुए विमान हादसे से हम सभी स्तब्ध हैं: मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात के अहमदाबाद में हुए विमान हादसे में कई लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया और कहा कि अहमदाबाद में हुए विमान हादसे से हम सभी स्तब्ध हैं।इससे पहले शुक्रवार को श्री मोदी ने अहमदाबाद में दुर्घटनास्थल का दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों और आपातकालीन प्रतिक्रिया टीमों से मुलाकात की जो आपदा के बाद अथक परिश्रम कर रहे हैं। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।

श्री मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर अलग-अलग पोस्ट में कहा, “अहमदाबाद में हुए विमान हादसे से हम सभी स्तब्ध हैं। इतने सारे लोगों की अचानक और दिल दहला देने वाली क्षति को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। सभी शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना। हम उनके दुख को समझते हैं और यह भी जानते हैं कि उनके पीछे जो खालीपन रह गया है, उसे आने वाले कई सालों तक महसूस किया जाएगा। ओम शांति।”उन्होंने लिखा, “आज अहमदाबाद में दुर्घटना स्थल का दौरा किया। त्रासदी का दृश्य दुखद है। उन अधिकारियों और टीम से मुलाकात की जो घटना के बाद से अथक परिश्रम कर रहे हैं। मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं जिन्होंने इस अकल्पनीय दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खो दिया है।”(वार्ता)

एयर इंडिया का विमान उड़ान भरते ही मेडिकल कालेज हाॅस्टल पर गिरा, सैकड़ों के हताहत होने की आशंका

Related Articles

Back to top button