
भाजपा विकास के पैसों से विधायकों की खरीद-फरोख्त एवं गैर भाजपा सरकार को गिराने में मस्त – एमएलसी
दुद्धी, सोनभद्र– क्षेत्रीय भ्रमण पर आये एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि दुद्धी के जोरकहू में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। यह स्थान जिले का सबसे अलग रमणीय स्थल है। इसको पर्यटन स्थल के रूप में विकसित कर क्षेत्र एवं क्षेत्रवासियों का पूर्ण विकास किया जा सकता है। इसके लिए मुख्यमंत्री से हम विशेष आग्रह कर पर्यटन स्थल घोषित करने की मांग करेंगे। इसके अलावा दुद्धी को जिला बनाने के मुद्दे पर बल देते हुए कहा कि आदिवासी हित में दुद्धी को जिला बनाया जाना नितांत आवश्यक है। दुद्धी तहसील क्षेत्र का दायरा काफी बड़ा है, जिसका जिला मुख्यालय से अंतिम छोर 200 किमी तक पड़ता है। ऐसे में एक गरीब के लिए अपने किसी काम के लिए भारी खर्च कर जिला मुख्यालय पहुंचना मुश्किल होता है। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि के हैसियत से दुद्धी को जिला बनाने की भी मांग सरकार से करूँगा।
क्षेत्र में विजली कटौती के मुद्दे पर कहा कि विभाग के एसी से बातकर, शीघ्र अपूर्ति बहाल करने का निर्देश दिया हूं। उन्होंने पावर हाउस के हैवी ट्रांसफार्मर में खराबी इसकी वजह बताई।उसके दुरुस्त होने तक वैकल्पिक तौर पर कल से सुबह 6 बजे से सुबह 10 बजे तक विद्युतआपूर्ति करने का आश्वासन दिया। समाजवादी पार्टी द्वारा चलाये जा रहे सदस्यता अभियान के बाबत बताया कि हमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जी द्वारा इस क्षेत्र में युद्धस्तर पर सदस्यता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है। पूर्व मंत्री विजय सिंह गोंड़, जिलाध्यक्ष विजय यादव,पूर्व जिलाध्यक्ष रामनिहोर यादव व संजय यादव एवं विधानसभा अध्यक्ष जुबेर आलम संरक्षण में सपा कार्यकर्ता पूरे मनोयोग से सदस्यता अभियान को घर घर तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं। आम आदमी भाजपा की सरकार से त्रस्त हो चुका है और समाजवादी पार्टी से जुड़ रहा है।
पत्रकारों के एक सवाल के जवाब में कहा कि भाजपा विकास के पैसों का इस्तेमाल केवल गैर भाजपा शासित राज्यों में विधायकों की खरीद फरोख्त एवं सरकार गिराने में कर रही है। शासन सत्ता के नशा में विकास के मुद्दे से भटक चुकी है। क्षेत्र का ड्रीम प्रोजेक्ट कनहर सिंचाई परियोजना के निर्माण में धन की कमी व लेट लतीफी इसी का परिणाम है। अगला संसदीय चुनाव पार्टी विकास,रोजगार व भ्रष्टाचार के मुद्दे पर पार्टी लड़ेगी और रिकार्ड सीट फतह कर, भाजपा को पटरी पर लाने का काम करेगी। सांसद निरहुआ के सपा पर परिवारवाद वाले बयान पर कहा कि भाजपा के रक्षामंत्री समेत कई प्रमुख नेताओं के परिजन स्वयं परिवारवाद की राजनीति में जकड़े हैं। निरहुआ का बयान राजनीति में अपरिपक्व बयान है। उसे पार्टी गम्भीरता से नही लेती। इस दौरान अवधनारायण यादव, बुद्धिनारायन, अनवर, राजू शर्मा आदि लोग उपस्थित रहे।



