Breaking News

नदी में उतराता मिला गायब छात्र का शव

होली खेलने के बाद दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया था

मदनपुर, देवरिया । मदनपुर थानाक्षेत्र के महेन स्थित राप्ती नदी में शनिवार की सुबह एक शव उतराता मिला। जिसकी शिनाख्त महेन गांव निवासी रोहित मद्धेशिया (21) पुत्र रामप्रवेश के रूप में हुई। रोहित बीए प्रथम वर्ष का छात्र था। परिजनों ने बताया कि रोहित शुक्रवार को होली खेलने के बाद अपने दोस्तों के साथ नदी की ओर स्नान करने गया था, पर वह वापस घर नहीं आया। काफी देर होने पर घरवालों ने काफी तलाश किया, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल पाया।

शनिवार की सुबह राप्ती नदी की ओर गए ग्रामीणों ने एक शव उतराता हुआ देखा। जानकारी होने पर गांव के लोग नदी की ओर दौड़ पड़े। सूचना पाकर मदनपुर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। शव की पहचान रोहित पुत्र रामप्रवेश के रूप में हुई। रोहित के मौत की खबर होने पर मां लक्खी देवी बेहोश होकर गिर पड़ी। रामप्रवेश की छह संतानों राहुल, विशाल, राधिका, काजल, ज्योति में रोहित चौथे नंबर का था। त्योहार के दिन शव मिलने पर गांव में मातम छा गया। थानाध्यक्ष मदनपुर बीबी राजभर ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Related Articles

Back to top button