State

मथुरा नाव हादसा : वृंदावन में यमुना में मोटरबोट पलटी, 10 की मौत, 5 लापता

मथुरा के वृंदावन में यमुना नदी में श्रद्धालुओं से भरी मोटरबोट पलटने से बड़ा हादसा हो गया। केसी घाट के पास पांटून पुल से टकराने के बाद नाव असंतुलित होकर डूब गई। हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 अब भी लापता हैं। नाव में सवार लोग पंजाब और हरियाणा से दर्शन के लिए आए थे। प्रशासन और एनडीआरएफ द्वारा बचाव अभियान जारी है और घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

मथुरा । उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद स्थित वृंदावन में शुक्रवार को एक भीषण हादसा हो गया, जब यमुना नदी में श्रद्धालुओं से भरी एक मोटरबोट पलट गई। इस दुर्घटना में अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 5 अन्य लापता बताए जा रहे हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार हादसा केसी घाट और बंशीवट के बीच उस समय हुआ, जब मोटरबोट पांटून पुल से टकरा गई। टक्कर के बाद नाव असंतुलित होकर पलट गई, जिससे उसमें सवार श्रद्धालु नदी में गिर पड़े। नाव में सवार अधिकांश लोग पंजाब और हरियाणा से वृंदावन दर्शन के लिए आए थे।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। गोताखोरों और एनडीआरएफ की टीमों ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। अब तक कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि लापता लोगों की तलाश के लिए सर्च अभियान लगातार जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नाव में क्षमता से अधिक लोग सवार थे, जिसके कारण संतुलन बिगड़ गया। इसी दौरान पांटून पुल से टक्कर होने पर स्थिति और गंभीर हो गई और नाव पलट गई। हादसे के बाद घाट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।

जिला प्रशासन ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने जताया शोक

प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इस हादसे को अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने संदेश में कहा कि यह जनहानि अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने भगवान से दिवंगत आत्माओं की शांति, शोकाकुल परिवारों को इस दुःख को सहने की शक्ति तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने, घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने तथा मृतकों के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा देने के निर्देश दिए हैं।

उल्लेखनीय है कि हादसे के समय नाव में करीब 25 श्रद्धालु सवार थे, जिनमें से 15 को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि 10 की मौत हो गई। प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और राहत-बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।(वार्ता)

उत्तर प्रदेश में निवेश व तकनीकी सहयोग बढ़ाने को लेकर डेनमार्क के साथ व्यापक चर्चा

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button