
राष्ट्रीय गणित दिवस पर के.डी. मेमोरियल स्कूल में गणित प्रदर्शनी व मैथ ओलम्पियाड
भलुअनी, देवरिया स्थित के0डी0 मेमोरियल स्कूल में राष्ट्रीय गणित दिवस पर गणित प्रदर्शनी और मैथ ओलम्पियाड आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि ने रामानुजन के जीवन से प्रेरणा दी। कक्षा एक से आठ तक विद्यार्थियों ने गणितीय मॉडल प्रस्तुत किए। कार्यक्रम ने तार्किक सोच और रचनात्मकता को बढ़ावा दिया।
भलुअनी (देवरिया)। स्थानीय के0डी0 मेमोरियल स्कूल में राष्ट्रीय गणित दिवस के अवसर पर बुधवार को गणित प्रदर्शनी एवं मैथ ओलम्पियाड का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में गणित के प्रति रुचि बढ़ाना, तार्किक सोच विकसित करना और रचनात्मक प्रयोगों के माध्यम से विषय को सरल बनाना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व प्रधानाचार्य श्रीकांत सिंह ने महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन के जीवन और योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद रामानुजन ने अपनी लगन, परिश्रम और आत्मविश्वास के बल पर विश्व को गणित के क्षेत्र में नई दिशा दी। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि उत्तम शिक्षा के लिए निरंतर अभ्यास और एकाग्रता ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।

विशिष्ट अतिथि मनोज कुमार मद्धेशिया ने कहा कि यदि गणित को पारंपरिक तरीकों के साथ-साथ गतिविधि आधारित और व्यवहारिक पद्धतियों से पढ़ाया जाए, तो विद्यार्थियों की तार्किक क्षमता और समस्या-समाधान कौशल में उल्लेखनीय वृद्धि होती है। उन्होंने शिक्षकों से नवाचारपूर्ण शिक्षण विधियों को अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर कक्षा एक से लेकर कक्षा आठ तक के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न गणितीय मॉडलों, चार्टों और प्रयोगों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई। विद्यार्थियों ने अंकगणित, ज्यामिति, भिन्न, मापन तथा दैनिक जीवन में गणित के उपयोग जैसे विषयों पर सरल और रोचक तरीके से अपनी प्रस्तुति दी, जिसे उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों ने सराहा।
विद्यालय के प्रबंधक प्रवीण शाही ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक आयोजनों से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है और उनकी प्रतिभा को मंच मिलता है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में उदय प्रताप सिंह, नीतू सिंह, अंजना सिंह सहित विद्यालय के अन्य शिक्षकों का सक्रिय सहयोग रहा। आयोजन के अंत में मैथ ओलम्पियाड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित भी किया गया।
योगी सरकार का ₹24,496.98 करोड़ का अनुपूरक बजट, विकास को मिलेगी नई गति
“कोडीन कफ सिरप केस: विधानसभा में सीएम योगी ने खोली फाइल, सपा कनेक्शन आया सामने”



