Breaking News

मुख्यमंत्री योगी समेत कई नेताओं ने द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति चुने जाने पर दी बधाई

लखनऊ । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बसपा सुप्रीमो मायावती समेत कई बड़े नेताओं ने द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति चुने जाने पर बधाई दी है।मुख्यमंत्री योगी ने द्रौपदी मुर्मू की जीत पर ट्वीट कर अपने बधाई संदेश में लिखा है, ’भारत के माननीय राष्ट्रपति पद हेतु एनडीए की प्रत्याशी श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को विराट और ऐतिहासिक विजय की हार्दिक बधाई। आपकी विजय ’नए भारत’ के सर्वसमावेशी व सर्वस्पर्शी स्वरूप के प्रति अपार जन-विश्वास और ’एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ भाव की जीवंत तस्वीर है। भारत माता की जय।’

वहीं बसपा सुप्रीमो मायावती ने ट्वीट कर कहा कि देश में एसटी वर्ग की पहली महिला राष्ट्रपति उम्मीदवार होने के नाते बसपा ने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर उनको अपना समर्थन व वोट दिया। अब सरकार संविधान की सही मंशा के हिसाब से उनके उत्तरदायित्वों को निभाने में उन्हें सहयोग करे, ताकि जन अपेक्षा पूरी हो व देश का मान-सम्मान भरपूर बढ़े।मायावती ने द्रौपदी मुर्मू को देश के राष्ट्रपति पद के लिए हुए चुनाव में भारी मतों से निर्वाचित होने पर बधाई व शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि वे एक कुशल व सफल राष्ट्रपति साबित होंगी देश को ऐसा उम्मीद है।

इसके अलावा प्रदेश के दोनों उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल और अन्य कई नेताओं ने भी द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति चुने जाने पर बधाई दी है।गौरतलब है कि द्रौपदी मुर्मू को आज देर शाम देश का 15वां राष्ट्रपति निर्वाचित घोषित किया गया। चुनाव में एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को भारी मतों के अंतर से पराजित किया है।(हि.स.)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button