
आजादी के अमृत महोत्सव को बनाएं यादगार – श्रम प्रवर्तन अधिकारी
हर घर तिरंगा योजना के तहत चार सौ तिरंगा वितरित कर लोगों में राष्ट्रप्रेम का किया संचार
दुद्धी, सोनभद्र- आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने पर जश्न ए आजादी का अमृत महोत्सव पूरे देश मे हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस क्रम में शनिवार को श्रम विभाग द्वारा दुद्धी क्षेत्र में अलग अलग स्थानों पर कुल चार सौ तिरंगा का वितरण कर,लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत किया गया। विभाग की ओर से श्रम प्रवर्तन अधिकारी रामकुमार ने तिरंगा का वितरण करते हुए कहा कि यह हम सब का सौभाग्य है कि आजादी के लिए हंसते हंसते अपनी प्राणों की आहुति देने वाले वीर सपूतों के कारण ही आज हम आजाद भारत का परचम पूरे विश्व में लहरा रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पूरा देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। ऐसा महोत्सव पहले कभी किसी देश ने नही मनाया। राष्ट्रवादी नेतृत्व मोदी व योगी जी की नीतियों से विश्व में देश की एक अलग पहचान व कीर्तिमान स्थापित हो चुकी है, उसे हम सब को कायम रखने के लिए जन जन में राष्ट्रप्रेम जागृत कर, देश की आन,बान और शान के लिए हर घर तिरंगा फहरायें। उन्होंने कहा कि 13 से 15 अगस्त 2022 तक प्रदेश सरकार ने हर घर तिरंगा अभियान से जन जन को जोड़ने का लक्ष्य बनाया है। उन्होंने श्रमिकों समेत आमजन से आजादी के इस अमृत महोत्सव का सहभागी बन, हर घर तिरंगा फहराने की अपील की है। इसके पूर्व श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने दुद्धी के रामनगर वार्ड, म्योरपुर रोड पेट्रोल पम्प व जाबर पेट्रोल पंप के पास जनसंपर्क कर चार सौ तिरंगा का वितरण किया और घरों पर फहराने की अपील की।



