
लखनऊ । उत्तर प्रदेश विधान मंडल का बजट सत्र सोमवार से शुरू हो चुका है। योगी सरकार गुरुवार को अपने द्वितीय कार्यकाल का पहला बजट सदन में प्रस्तुत करेगी।प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बुधवार को यूपी बजट 2022-23 पर हस्ताक्षर कर अंतिम रूप दिया। इस अवसर पर मंत्री के कार्यालय कक्ष में वित्त विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रशान्त त्रिवेदी भी उपस्थित रहे।
बजट प्रस्तुत करने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में कल सुबह करीब साढ़े नौ बजे लोक भवन में योगी कैबिनेट की बैठक होगी। इस बैठक में कैबिनेट द्वारा बजट का अनुमोदन किया जाएगा।माना जा रहा है कि योगी सरकार 2022-2023 वित्तीय वर्ष के लिए करीब छह लाख करोड़ रुपए का बजट प्रस्तुत करेगी। इससे पहले योगी सरकार ने अपने पहले कार्यकाल का अंतिम बजट पांच लाख 50 करोड़ रुपए का प्रस्तुत किया था।(हि.स.)



