
अध्यक्ष पद पर जितेन्द्र की हुई ताजपोशी,सचिव बने उमेश
दुद्धी बार एसोसिएशन का चुनाव सम्पन्न
दुद्धी, सोनभद्र- दुद्धी बार के प्रतिष्ठापरक चुनाव में अध्यक्ष पद पर जितेन्द्र कुमार श्रीवास्तव की ताजपोशी हुई। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी रामपाल जौहरी को 28 मतों से पराजित कर जीत हासिल की। वहीं सचिव पद पर उमेश चंद ने मुरलीधर को 38 मतों से शिकस्त देकर,विजय हासिल की।

मुख्य चुनाव अधिकारी विजय कुमार सिंह के देखरेख में प्रातः 11 बजे से सायं 3.00 बजे तक मतदान करायी गयी।कुल दो पद के लिए 167 सदस्य संख्या वाले इस चुनाव में 142 लोगों ने अपने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।जिसमें अध्यक्ष पद के उम्मीदवार जितेन्द्र कुमार श्रीवास्तव को 69 मत एवं रामपाल जौहरी को 41 मत, योगेंद्र प्रसाद रवानी को 30 मत एवं राजकुमार अग्रहरि को अपना इकलौता मत एक मत मिला।
इसी प्रकार सचिव पद पर उमेश चंद को 90 मत और मुरलीधर को 52 मत मिले। जिसमें एक मतदाता द्वारा अध्यक्ष पद के दो दावेदारों को मत दिया गया था,उसे अवैध घोषित किया गया। इस प्रकार अध्यक्ष पद पर जितेन्द्र श्रीवास्तव एवं सचिव पद पर उमेश चंद विजयी घोषित किये गये।
निर्विरोध रूप चुने जाने वालों में वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर संतोष कुमार, उपाध्यक्ष 10 वर्ष से ऊपर में अजय रतनेन्द्र जायसवाल व पवन कुमार दुबे, उपाध्यक्ष 2 वर्ष से ऊपर में प्रेमचंद गुप्ता व हरिओम, सहसचिव पुस्तकालय में अलोक कुमार सिंह, सहसचिव प्रशासन में शशि कुमार, गवर्निंग काउंसिल सदस्य15 वर्ष से ऊपर में कृष्णदेव, देवेश मोहन,सन्नो बानों, राजेश रंजन जौहरी, संतोष मिश्रा व शिवनाथ तथा सदस्य गवर्निंग काउंसिल2 वर्ष से ऊपर में ओमप्रकाश व दुबेश प्रकाश का निर्विरोध निर्वाचन हुआ है।
चेयरमैन विजय कुमार सिंह द्वारा परिणाम की घोषणा करते ही अध्यक्ष एवं सचिव पद के विजेता के समर्थकों ने उन्हें फूल माला पहनाकर और मिठाई बांट अपने खुशी का इजहार किया। चुनाव को सकुशल सम्पन्न कराने में इल्डर कमेटी के मेम्बर रामदुलारे गुप्त, सुरेंद्र दत्त उपाध्याय, जयप्रकाश तिवारी एवं बृजबिहारी चौधरी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।इस दौरान कोतवाली पुलिस द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।



