Breaking News

गुरु के बिना ज्ञान प्राप्त करना सम्भव नहीं: योगी

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को गुरु पूर्णिमा की दी शुभकामनाएं

लखनऊ । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरु पूर्णिमा पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मंगलवार को अपने शुभकामना संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु पूर्णिमा गुरु-पूजन का पर्व है। सनातन संस्कृति में ज्ञान प्राप्ति के लिए गुरु-शिष्य की सुदीर्घ परम्परा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिना गुरु के ज्ञान प्राप्त करना सम्भव नहीं है। गुरु के आशीर्वाद से सभी सिद्धियां प्राप्त की जा सकती हैं। शास्त्रों के अनुसार पूर्णिमा की तिथि पर महर्षि वेदव्यास का जन्म हुआ था। इसलिए व्यास पूर्णिमा को गुरु पूर्णिमा भी कहा जाता है। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति में गुरु को सर्वोच्च स्थान प्रदान किया गया है। गुरु को ब्रह्मा, विष्णु, महेश के समान बताया गया है। गुरु शिष्य को रचता है। इसलिए वह ब्रह्मा है। गुरु, शिष्य की रक्षा करता है। इसलिए वह विष्णु है। गुरु शिष्य के सभी दोषों का संहार करता है, इसलिए वह साक्षात महेश्वर हैं। हमें गुरु-पूजन पूरी आस्था और श्रद्धाभाव से करके उनका आशीर्वाद लेना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन में गुरु के महत्व से भावी पीढ़ी को परिचित कराने के लिए यह पर्व आदर्श है। गुरु-पूजन का यह पर्व हमें सद्मार्ग पर ले जाने वाले उन महापुरुषों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता अर्पित करने की प्रेरणा देता है, जिन्होंने अपने ज्ञान, त्याग और तपस्या से समाज, राष्ट्र और विश्व को नई राह दिखाई। मुख्यमंत्री ने लोगों से कोरोना संक्रमण के दृष्टिगत सभी सावधानियां बरतते हुए गुरु पूर्णिमा का पर्व मनाये जाने की अपील की है।(हि.स.)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button