Breaking News

ग्लोबल हंगर इंडेक्स में भारत को 107 वें स्थान पर रखना अन्तर्राष्ट्रीय साजिश- रामेश्वर राय

पं. दीनदयाल उपाध्याय विचार मंच के बैनर तले विश्व खाद्य दिवस पर गोष्ठी सम्पन्न

दुद्धी सोनभद्र- पंडित दीनदयाल उपाध्याय विचार मंच के तत्वाधान में विश्व खाद्य दिवस पर विचार संगोष्ठी व सामूहिक प्रीतिभोज का आयोजन किया गया। आयोजन का शुभारंभ विचार मंच के अध्यक्ष डॉक्टर लवकुश प्रजापति व उपाध्यक्ष रामेश्वर राय द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र के पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। प्रखर वक्ता डॉ राजकुमार रजावत ने विश्व खाद्य दिवस पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एक एकात्मकवाद का उदाहरण देते हुए कहा कि यदि भोजन की समस्या हल करनी है, तो सबसे पहले हमें अन्नदाता किसान को मजबूत करना होगा।

पत्रकार विष्णु अग्रहरि ने कहा कि हमें अपने आसपास ध्यान रखते हुए यह देखने की जरुरत है कि कहीं कोई भूखा ना रहे और उसकी मदद करने के लिए हम उसके राशन कार्ड बनाने में मदद करें। विष्णुकांत तिवारी ने समारोहों में खाद्य पदार्थों के वेस्टेज को लेकर चिंता व्यक्त की और उन्होंने सभी को संकल्प दिलाया कि “भोजन की उतनी ही मात्रा लें थाली में, कि भोजन व्यर्थ ना जाए नाली में” इस पर हमसब को पहल करना होगा। कवि डॉक्टर लखन राम जंगली जी ने एक भूखे बुजुर्ग व्यक्ति के ऊपर स्थानीय भाषा में कविता सुनाते हुए कहा कि हमारी सनातन सभ्यता में तो पशु-पक्षी के भोजन की भी व्यवस्था की गयी है। जीव रक्षा के लिए भोजन की जो परेशानियां हैं उनसे हम सबको मिलकर निपटना है।

अधिवक्ता राकेश श्रीवास्तव ने कहा कि गरीबी के कारण पहले वर्षों पहले लोग भूखे सोया करते थे। परंतु वर्तमान सरकार पूरी तरह सचेत है और जन जन तक राशन पहुंचाने का काम कर रही है।भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज सिंह बबलू ने लाल बहादुर शास्त्री जी का जय जवान जय किसान का नारा याद दिलाते हुए कहा कि देश को मजबूत बनाने के लिए किसान को मजबूत करना आवश्यक है साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार रोटी कपड़ा और मकान के लिए अच्छा कार्य कर रही है।

पर्यावरणप्रेमी व समाजसेवी कमलेश मोहन ने कहा कि पर्यावरण में असंतुलन वा जलवायु परिवर्तन भी खाद्य समस्या का एक मुख्य कारण है। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक फलदार वृक्ष लगाने का प्रण दिलाया ताकि प्राकृतिक संतुलन बना रहे, अवैध कटान को लेकर कविता के माध्यम से अपनी पीड़ा व्यक्त की। भाजपा नेता बिपिन बिहारी ने कहा कि वर्तमान सरकार पंडित दीनदयाल के सिद्धांतों पर चलते हुए अंत्योदय कल्याण के लिए कार्य कर रही है।अधिवक्ता नंदलाल अग्रहरि ने कहा कि हमें पाश्चात्य संस्कृति के विचारों को समेटकर भारतीय दर्शन आगे करना होगा तभी खाद्य समस्या हल हो सकेगी।

विचार मंच के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रामेश्वर राय ने अपने अलग अंदाज में हास्य व्यंग्य के शब्दावलियों से शांत माहौल में लोगों को खिलखिलाकर हंसने पर मजबूर कर दिया। फिर मुद्दे पर आते हुए कहा कि भारत अपने पड़ोसी देशों को मदद के तौर पर उनको अनाज उपलब्ध करा रहा है, साथ ही पूरे विश्व में अनाज की किल्लत पड़ने पर मदद कर रहा है। ऐसे में भारत को हंगर इंडेक्स में निचले पायदान पर रखने में कड़ी आपत्ति जताते हुए, अंतरराष्ट्रीय एजेंसीयों की मंशा पर सवाल भी खड़े किए।

कार्यक्रम के अंत में संस्था के अध्यक्ष डॉक्टर लवकुश प्रजापति द्वारा सभी उपस्थित लोगों को धन्यवाद ज्ञापित किया और और उन्होंने कहा कि देश के पास अन्न भंडार की कोई कमी नहीं है बस हमें कुछ जरूरी कदम उठाने हैं जिनमें गरीबों को राशन उपलब्ध कराना ,जलवायु परिवर्तन से फसलों को बचाना, अनावश्यक युद्ध से बढ़ने वाली महंगाई को रोकना ,रासायनिक उत्पादों को कम इस्तेमाल करना, स्थानीय कृषकों को बढ़ावा देकर हम खाद्य समस्या का हल कर सकते हैंl गोष्ठी का संचालन विचार मंच के महामंत्री जितेन्द्र कुमार चंद्रवंशी ने किया l इस मौके पर प्रेमचंद यादव, जवाहरलाल अग्रहरि, शिवशंकर प्रसाद, जगदीश्वर प्रसाद, डॉ संजय, डॉ कृष्ण कुमार चौरसिया, डॉ राजबहादुर सहित दर्जनों गणमान्य उपस्थित रहे l

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button