Society

अमेरिका में भारतीय डॉक्टर ने हिंदू धर्म के लिए दान किए 33 करोड़ रुपये

वाशिंगटन । अमेरिका में रहने वाले भारतीय मूल के डॉक्टर मिहिर मेघानी ने हिंदू धर्म के प्रचार के लिए 40 लाख डॉलर (करीब 33 करोड़ रुपये) दान करने की घोषणा की है। डॉ मेघानी का कहना है कि उनके संगठन ‘हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन’ ने इस साल सिलिकॉन वैली के वार्षिक समारोह में अगले 8 सालों में हिंदू हितों के लिए 15 लाख डॉलर दान देने का संकल्प लिया। उससे समय-समय पर किया गया उनका कुल दान 40 लाख डॉलर हो जाएगा।

डॉ मेघानी ने कहा हिंदू सिर्फ धर्म नहीं, बल्कि जीवन जीने का तरीका है और इसे बस आस्था या विश्वास मानना गलत है। उन्होंने कहा कि अमेरिकियों को यह बात समझने में दिक्कत होती है क्योंकि ज्यादातर ईसाई हैं। उन्होंने बताया कि अमेरिका के लोगों को लगता है कि हिंदू भी बस एक धर्म है, लेकिन ऐसा नहीं है।

उन्होंने कहा कि वह और उनकी पत्नी लाखों डॉलर नहीं कमा रहे, लेकिन यह उनका धर्म और कर्तव्य है। डॉ मेघानी ने 2003 में अपने 3 दोस्तों, यूरोलॉजिस्ट असीम शुक्ला, वकील सुहाग शुक्ला और श्रम कानून वकील निखिल जोशी, के साथ मिलकर हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन की स्थापना की थी। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपनी पत्नी के साथ मिलकर पिछले 15 सालों में इस संगठन को 15 लाख डॉलर का दान दिया है। साथ ही हिंदू और भारत समर्थक संगठनों को भी 10 लाख डॉलर दान किए। इस तरह उनका कुल 40 लाख डॉलर का दान है।(वीएनएस)

Related Articles

Back to top button