National

“भारत आतंकवाद को नहीं भूलेगा” ऑपरेशन सिंदूर पर पीएम मोदी का बड़ा ऐलान

ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर अपनी डिस्प्ले तस्वीर बदलकर भारतीय सेना के शौर्य को नमन किया। पीएम मोदी ने इसे आतंकवाद के खिलाफ भारत की दृढ़ प्रतिक्रिया और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता बताया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इसे आधुनिक सैन्य अभियानों का नया मानदंड कहा। भाजपा ने भी ऑपरेशन सिंदूर को भारत के अडिग इरादों का ऐलान बताया। यह अभियान पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में शुरू किया गया था।

नयी दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर की पहली बरसी पर अपने सोशल मीडिया एक्स की डिस्प्ले तस्वीर बदलकर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ कर ली है और सैनिकों के पराक्रम और देशभक्ति की सराहना की है।श्री मोदी ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की वर्षगांठ पर भारतीय सशस्त्र बलों के शौर्य और बहादुरी को नमन करते हुए एक्स पर लिखा, “ऑपरेशन सिंदूर में भारत को मिली असाधारण विजय हमारे वीर सैनिकों के अद्भुत पराक्रम और देशभक्ति की प्रेरक मिसाल है। उनके अदम्य साहस, दृढ़ संकल्प और कर्तव्यनिष्ठा पर हर देशवासी को गर्व है।

“उन्होंने इस मौके पर महाभारत का एक श्लोक को एक्स पर पोस्ट किया, उदीर्णमनसो योधा वाहनानि च भारत। यस्यां भवन्ति सेनायां ध्रुवं तस्यां जयं वदेत्।”इस श्लोक का अर्थ है हे भरतवंशी (युधिष्ठिर)! जिस सेना के सैनिक (योद्धा) और वाहन (घोड़े, हाथी, रथ आदि) उत्साही और उच्च मनोबल वाले (उदीर्णमनस:) होते हैं, उस सेना की विजय निश्चित (ध्रुवम्) समझनी चाहिए।गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले को लेकर भारतीय सेना ने सात मई 2025 को ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था और पाकिस्तान में स्थित आतंकवादियों के कई ठिकानों को नष्ट कर दिया था।

ऑपरेशन सिंदूर आतंकवाद के खिलाफ भारत की दृढ़ प्रतिक्रिया- सुरक्षा के प्रति अटूट प्रतिबद्धताः मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि ऑपरेशन सिंदूर आतंकवाद के खिलाफ भारत की दृढ़ प्रतिक्रिया और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता को दिखाता है।श्री मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि पूरा राष्ट्र हमारे बलों के शौर्य को सलाम करता है।

श्री मोदी ने कहा, “ एक वर्ष पहले हमारे सशस्त्र बलों ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान अद्वितीय साहस, सटीकता और दृढ़ संकल्प का प्रदर्शन किया था। उन्होंने उन लोगों को करारा जवाब दिया जिन्होंने पहलगाम में निर्दोष भारतीयों पर हमला करने का दुस्साहस किया था। पूरा राष्ट्र हमारे बलों के शौर्य को सलाम करता है।

“प्रधानमंत्री ने कहा. “ऑपरेशन सिंदूर ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की दृढ़ प्रतिक्रिया और राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाया। इसने हमारे सशस्त्र बलों की पेशेवर क्षमता, तैयारी और समन्वित शक्ति को भी उजागर किया। साथ ही, इसने हमारे बलों के बीच बढ़ती संयुक्तता को प्रदर्शित किया और यह रेखांकित किया कि रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की भारत की खोज ने हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा को कितनी मजबूती प्रदान की है।”उन्होंने कहा कि आज एक वर्ष बाद भी भारत आतंकवाद को पराजित करने और उसके समर्थक तंत्र को नष्ट करने के अपने संकल्प पर पहले की तरह अडिग हैं।

ऑपरेशन सिंदूर राष्ट्रीय संकल्प और तत्परता का सशक्त प्रतीक: राजनाथ

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर को राष्ट्रीय संकल्प और तत्परता का सशक्त प्रतीक बताते हुए कहा है कि इसने आधुनिक सैन्य अभियानों के लिए एक नया मानदंड स्थापित किया है।श्री सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में सशस्त्र बलों के शौर्य और बलिदान को नमन किया।

उन्होंने कहा, “ ऑपरेशन सिंदूर की वर्षगांठ पर हम अपने सशस्त्र बलों के शौर्य और बलिदान को नमन करते हैं, जिनका साहस और समर्पण निरंतर राष्ट्र की सुरक्षा सुनिश्चित करता है। इस अभियान के दौरान उनके कार्यों ने अद्वितीय सटीकता, सेवाओं के बीच निर्बाध संयुक्तता और गहरे समन्वय का परिचय दिया, जिसने आधुनिक सैन्य अभियानों के लिए एक नया मानदंड स्थापित किया।”उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर राष्ट्रीय संकल्प और तत्परता का एक सशक्त प्रतीक है, जो दर्शाता है कि हमारे सशस्त्र बल हर महत्वपूर्ण क्षण में निर्णायक कार्रवाई करने के लिए सदैव तैयार हैं। यह भारत की आत्मनिर्भरता की दिशा में निरंतर प्रगति का भी प्रमाण है, जो क्षमता को बढ़ाने के साथ-साथ राष्ट्रीय दृढ़ता को भी सुदृढ़ कर रही है।

उल्लेखनीय है कि पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद भारतीय सेनाओं ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकवादी ठिकानों को ध्वस्त करने के लिए पिछले वर्ष आज के दिन ही ऑपरेशन सिंदूर चलाया था।

भारत के अडिग इरादों का ऐलान था ऑपरेशन सिंदूरः भाजपा

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ऑपरेशन सिंदूर को भारत के अडिग इरादों का ऐलान बताते हुए इसमें शामिल भारतीय सेना के जवानों को नमन किया है।भाजपा ने सोशल मीडिया एक्स पर गुरुवार को लिखा, “वो सिर्फ एक ऑपरेशन नहीं था, भारत के अडिग इरादों का ऐलान था। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की पहली वर्षगांठ पर उन वीरों को नमन, जिन्होंने दुश्मन को जवाब नहीं, संदेश दिया और उस संदेश की गूंज दुनिया ने सुनी। जय हिंद! “गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले को लेकर भारतीय सेना ने सात मई 2025 को ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था और पाकिस्तान में स्थित आतंकवादियों के कई ठिकानों को नष्ट कर दिया था। (वार्ता)

भारत पर एप्पल ने क्यों खेला 1000 करोड़ का बड़ा दांव? जानिए क्या है कंपनी का मास्टर प्लान

चुनावों में 1444 करोड़ की नकदी, शराब और नशीले पदार्थ जब्त

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button