International

भारत, यूनान आपसी सम्बन्धों को रणनीतिक भागीदारी का रूप देंगेः मोदी

एथेंस : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की एक-दिवसीय यूनान यात्रा के दौरान दोनों देशों ने द्विपक्षीय सम्बन्धों को ‘रणनीतिक भागीदारी’ के स्तर पर ले जाने का निर्णय किया है और रक्षा, उत्पादन तथा आतंकवाद और साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के निश्चय के साथ 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने का लक्ष्य तय किया है।

श्री मोदी ने यहां प्रधानमंत्री किरियाकोस मिचोताकिस के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत के बाद एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा, “ प्रधानमंत्री किरियाकोस मिचोताकिस और मैंने आज भारत-यूनान भागीदारी को रणनीतिक भागीदारी के स्तर पर ले जाने का निर्णय किया है।

”श्री मोदी दक्षिण अफ्रीका में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के बाद, आज ही यहां आए। वह प्रधानमंत्री श्री मिचोताकिस के निमंत्रण पर एथेंस की यात्रा पर हैं। वर्ष 1983 के बाद भारत का कोई प्रधानमंत्री पहली बार यूनान की यात्रा पर आया है।प्रधानमंत्री ने कहा, “भारत और यूनान ने अवसंरचना, कृषि, शिक्षा नयी एवं उभरती प्रौद्योगिकी तथा कौशल विकास के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाकर अपनी रणनीतिक भागीदारी को आगे बढ़ाएंगे।

” उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने भारत और यूनान रक्षा तथा सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के साथ-साथ रक्षा उद्योग के क्षेत्र में भी परस्पर सहयोग बढ़ाने पर बल दिया है।श्री मोदी ने कहा, “भारत, यूनान क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर एक-दूसरे की भावनाओं को समझते हैं और आदर करते हैं।

”उन्होंने बताया कि यूनान के प्रधानमंत्री के साथ उनकी बातचीत में आतंकवाद और साइबर सिक्योरिटी के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा हुयी है।सुबह एथेंस पहुंचने पर प्रधानमंत्री श्री मोदी का औपचारिक स्वागत किया गया और उन्होंने ‘अज्ञात सैनिकों के स्मारक पर श्रद्धांजलि’ अर्पित की।

इसके बाद, उन्होंने मेजबान प्रधानमंत्री के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता में भाग लिया।दोनों प्रधानमंत्री आज ही दिन में दोनों देशों के व्यवसायियों की संयुक्त बैठक को संबोधित कर रहे हैं।

भारत, यूनान 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार दोगुना करने पर सहमत : मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि भारत और यूनान ने 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने तथा रक्षा और सुरक्षा समेत विभिन्न क्षेत्रों में रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने के लिए काम करने पर सहमति जतायी है।दक्षिण अफ्रीका में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के बाद आज यहां पहुंचे श्री मोदी ने अपने यूनान के समकक्ष किरियाकोस मिचोताकिस के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा, “श्री मिचोताकिस और मैं इस बात से सहमत हैं कि हमारा द्विपक्षीय व्यापार तेजी से बढ़ रहा है और आने वाले समय में इसमें बढ़ोतरी अपार संभावनाएं हैं। इसलिए हमने 2030 तक अपने द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने का फैसला किया है।

” उन्होंने कहा, “आज हमने आतंकवाद और साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में आपसी सहयोग पर चर्चा की। हमने तय किया है कि एनएसए स्तर का एक संवाद मंच भी होना चाहिए।”उन्होंने कहा कि भारत और यूनान भूराजनीतिक और क्षेत्रीय मुद्दों पर सहयोग कर रहे हैं तथा शीघ्र ही प्रवास और गतिशीलता साझेदारी पर समझौता करेंगे। उन्होंने कहा, “ भारत और यूनान दुनिया की दो प्राचीन सभ्यताओं का स्वाभाविक मेल हैं और हमारे रिश्ते की नींव प्राचीन और मजबूत है।”उन्होंने यहां मैक्सिमोस मेंशन में श्री मिचोताकिस के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। बैठक के बाद अपनी प्रारंभिक प्रतिक्रिया में श्री मिचोताकिस ने हाल के वर्षों में भारत और यूनान के बीच संबंधों में काफी सुधार हुआ है और व्यापक द्विपक्षीय सहयोग की गुंजाइश है।

उन्होंने कहा, “हमारा पहला उद्देश्य हमारे द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करना है और दोनों देश भविष्य की चुनौतियों, खासकर यूक्रेन युद्ध के दौरान उथल-पुथल से निपटने के लिए कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ने के लिए तैयार हैं।”इससे पहले श्री मोदी ने राष्ट्रपति कतेरीना एन सकेलारोपोलू से मुलाकात की।श्री मोदी ने सोशल नेटवर्किंग साइट एक्स पर अपने पोस्ट में लिखा , “मैंने और राष्ट्रपति ने कई मुद्दों पर चर्चा की है जो भारत-यूनान की मित्रता को मजबूत करेंगे। हमने सतत विकास को बढ़ावा देने के तरीकों पर भी चर्चा की।”

यूनान के राष्ट्रपति ने चंद्रयान-3 की सफलता पर भारत को बधाई दी और कहा कि चंद्रयान-3 की सफलता अकेले भारत की नहीं बल्कि पूरी मानव जाति की सफलता है। उन्होंने कहा कि चंद्रयान-3 मिशन द्वारा एकत्र किए गए डेटा के नतीजे पूरी वैज्ञानिक बिरादरी और मानव जाति को मदद करेंगे।

मोदी यूनान में सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को यूनान की सरकार ने शुक्रवार को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया।श्री मोदी को उनकी एक-दिवसीय यूनान यात्रा के दौरान राष्ट्रपति कैटरीना सकेलारोपोलू ने यूनान की सरकार और जनता की ओर से ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ दी आर्डर ऑफ ऑनर’ से सम्मानित किया। श्री मोदी ने इस अवसर पर कहा कि यह सम्मान भारत के प्रति यूनान के लोगों के सम्मान को दर्शाता है।(वार्ता)

ग्रीस पहुंचे मोदी का प्रवासी भारतीयों ने किया स्वागत

Related Articles

Back to top button