
पुरानी रंजिश में कांग्रेसी नेता को लाठी-डंडे से पीटा, केस दर्ज
भटनी, देवरिया। भटनी थानाक्षेत्र के एक गांव में पुरानी रंजिश को लेकर रविवार की रात कुछ लोगों ने एक कांग्रेस नेता को लाठी -डंडे से पीटकर कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। आसपास के लोगों के बीच-बचाव करने पर बेहोशी की हालत में कांग्रेसी नेता को छोड़ कर आरोपी मौके से फरार हो गए। परिवारीजनो ने घायल नेता को स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया। जहां उनकी हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वही पीड़ित कांग्रेसी नेता के तहरीर पर पुलिस ने छह लोगों पर प्राण घातक हमला सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है।घटना के बाद गांव के दो पक्षों में तनाव की स्थिति बनी हुई है। लोगों ने आरोपियों पर शख्त कार्रवाई की मांग किया है।थाना प्रभारी गोपाल पांडेय ने बताया कि पुरानी रंजिश में नेता की पिटाई हुई है। केस दर्ज कर दो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। जल्द ही सभी को पकड़कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
भटनी थानाक्षेत्र के बलुआ अफगान गांव निवासी डॉ. सत्य नारायण शर्मा (62) वरिष्ठ कांग्रेस नेता और समाजसेवी है। डॉ. शर्मा रविवार की रात गांव स्थित एक दवा की दुकान पर बैठे थे। तभी आधा दर्जन लोग गोलबंद होकर लाठी-डंडे के साथ पहुंचे और उनकी पिटाई करने लगे। चीख पुकार सुनकर पहुंचे लोगों के हस्तक्षेप के बाद आरोपी मौके से भाग गए। इस घटना से नाराज ग्रामीणों ने देर रात तक बलुआ अफगान चौराहे पर हंगामा किया और आरोपियों को ढूढते रहे। सूचना पाकर पहुंची पुलिस घायल कांग्रेसी नेता को परिवारीजनों के सहयोग से अस्पताल पहुंचाया। पुलिस. ने नाराज लोगों को कार्रवाई का आश्वासन देकर मनाया। शिकायत पर पुलिस ने शंभू सिंह, सोमारी, मोतीचंद्र, विश्लेष सिंह, बृजेश और सत्यप्रकाश पांडेय पर प्राण घातक हमला आदि संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है। इधर पीड़ित डॉ. शर्मा की स्थिति गंभीर बनी हुई है उनका इलाज जिला अस्पताल में कराया जा रहा है। इस बाबत एसओ गोपाल पांडेय ने बताया कि पुरानी रंजिश में नेता की पिटाई हुई है। केस दर्ज कर दो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। जल्द ही सभी को पकड़कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।



