Breaking News

बलिया : घाघरा (सरयू) में बाढ़ से सम्पर्क मार्ग टूटा, मरम्मत में जुटा प्रशासन

जिलाधिकारी ने बांसडीह में किया बाढ़ क्षेत्र का दौरा.बंधे पर रह रहे लोगों को हर सुविधा उपलब्ध कराने का दिया आश्वासन.

बलिया । घाघरा (सरयू) में उफान आने से शनिवार को बांसडीह इलाके के रेंगहा में संपर्क मार्ग टूट गया। जिससे हजारों आबादी के सामने आवागमन की मुसीबत खड़ी हो गई। जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी सौम्या अग्रवाल ने बांसडीह में बाढ़ क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ पीड़ितों की समस्याएं सुनी और उन्हें हरसंभव सुविधा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

जिलाधिकारी ने रेंगहा में बाढ़ के पानी से टूटे संपर्क मार्ग का निरीक्षण किया और एक्सईएन बाढ़ को निर्देश दिया कि जल्द से जल्द इसकी मरम्मत का कार्य पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि जो भी बाढ़ पीड़ित बंधे पर आकर रह रहे हैं उनके खाने-पीने, रहने और दवाइयों की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा बाढ़ पीड़ित क्षेत्रों में नावें भी लगा दी गई हैं जिससे प्रभावित लोग को आसानी से बंधे तक आ सके।

पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने बताया कि बंधे पर रह रहे लोगों की समस्याओं से प्रशासन भली-भांति अवगत है। उन्हें किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं होने दी जाएगी। उनकी समस्याओं से सरकार को भी अवगत कराया जा चुका है। सरकार इसको लेकर गंभीर है। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में लगभग 24 ऐसे गांव हैं जहां पर जलभराव की समस्या बनी हुई है लेकिन अब सरयू (घाघरा) नदी का पानी उतरने लगा है। जिसके कारण अब समस्या नहीं होनी चाहिए। इस दौरान एसडीएम व सीओ बांसडीह भी उपस्थित थे।(हि.स.)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button