International

इमरान खान की पत्नी बुशरा की सहेली फराह ने कमाए अरबों

इस्लामाबाद । पाकिस्तान में प्रधानमंत्री पद से हटाने के बाद भी इमरान खान पर छाए मुसीबतों के बादल छंटने का नाम नहीं ले रहे। अब इमरान की पत्नी बुशरा की सहेली फराह खान के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामलों में जांच के आदेश दे दिए गए हैं। आरोप है कि फराह ने इमरान की करीबी का फायदा उठाकर अरबों रुपये कमाए हैं।

इमरान खान की पत्नी बुशरा बीबी की करीबी सहेली फराह खान के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में जांच के आदेश लाहौर स्थित भ्रष्टाचार विरोधी निगरानी संस्था के महानिदेशक को दिए गए हैं। वैसे, पाकिस्तान में सरकार बदलने के बाद फराह खान के खिलाफ ऐसी कार्रवाई की उम्मीद पहले से थी। ऐसे में फराह के पति अहसन जमील गुज्जर अमेरिका चले गए थे और फराह स्वयं तीन अप्रैल को दुबई पहुंच गयी थीं।

विपक्ष का आरोप है कि फराह ने अधिकारियों की मनपसंद पदों पर नियुक्ति कराकर 600 करोड़ रुपये वसूले हैं। पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की बेटी व पाकिस्तान मुस्लिम लीग- नवाज (पीएमएल-एन) की उपाध्यक्ष मरियम नवाज का आरोप है कि फराह का पूरा भ्रष्टाचार तंत्र तत्कालीन प्रधानमंत्री इमरान खान व उनकी पत्नी बुशरा की शह पर चल रहा था।

हाल ही में हटाए गए पंजाब के गवर्नर चौधरी सरवर और इमरान के पुराने दोस्त अलीम खान का भी आरोप है कि फराह ने पंजाब में पूर्व मुख्यमंत्री उस्मान बुजदार के माध्यम से अधिकारियों की मनमाफिक नियुक्तियां कराकर अरबों रुपये कमाए हैं। अब जांच के बाद कई और लोग इस मामले की चपेट में आ सकते हैं।(हि.स.)

Related Articles

Back to top button