Breaking News

नीलगिरी इंफ्रॉसिटी की 13.6 करोड़ की अवैध संपत्ति होगी जब्त

जमीन और गोल्ड में निवेश कराने के बहाने निवेशकों के साथ किया था धोखाधड़ी

वाराणसी । जेल में बंद नीलगिरी इंफ्रॉसिटी के सीएमडी विकास सिंह, एमडी पत्नी ऋतु सिंह , पार्टनर की अवैध रूप से अर्जित 13.6 करोड़ रुपये की अचल एवं चल संपत्ति गैंगस्टर एक्ट के तहत जब्त की जाएगी। रविवार को वाराणसी पुलिस कमिश्नर ए सतीश गणेशने बताया कि जमीन और गोल्ड में निवेश के साथ ही टूर पैकेज के नाम पर करोड़ों रुपये से अधिक की धोखाधड़ी के आरोपी नीलगिरी इंफ्रॉसिटी कंपनी के आरोपितों की अवैध रूप से अर्जित संपत्ति की जब्तीकरण की कार्यवाही शुरू की गई है। उनका लग्जरी जगुआर कार सहित कई भूखंड एवं शहर के बीचों बीच बेशकीमती आलीशान भवन भी जब्त होंगे। चंदौली और वाराणसी डीएम को जब्तीकरण आदेश की कॉपी भेज दी गई है।

बताते चले, जमीन और टूर पैकेज सहित कई लुभावने आफर देकर निवेशकों से करोड़ों की ठगी करने वाले आरोपी सीएमडी विकास सिंह, पत्नी ऋतु सिंह, डायरेक्टर प्रदीप यादव और पलास 31 अगस्त 2021 से ही चौकाघाट जिला जेल में बंद है। भेलूपुर महमूरगंज निवासी विकास सिंह और उसकी पत्नी ऋतु सिंह ने नीलगिरी इंफ्रासिटी कम्पनी के जरिए पूर्वांचल सहित बिहार, झारखंड, कोलकाता, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में निवेशकों से संपर्क कर और उन्हें आकर्षक छूट वाले स्कीम दिखाकर जमीन, गोल्ड, टूर पैकेज आदि में निवेश कराया। इसके बाद निवेशकों को इसका प्रतिफल नही मिला तो उन्होंने अपना पैसा वापस मांगने के लिए दबाब बनाया। आरोप है कि मलदहिया के इंडियन प्रेस कालोनी स्थित कार्यालय में बुलाकर निवेशकों के साथ मारपीट और उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई थी। इसके बाद निवेशकों ने सीएमडी विकास सिंह और कंपनी में एमडी उसकी पत्नी ऋतु सिंह सहित अन्य कर्मचारियों पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया।

रामापुरा निवासी प्रबंधक प्रदीप यादव और विशेश्वरगंज निवासी पलास ने भी निवेशकों संग कंपनी के नाम पर धोखाधड़ी की थी। चेतगंज थाना में नीलगिरी कम्पनी के खिलाफ 70 से अधिक मुकदमा दर्ज है। इस मामले में सीएमडी विकास सिंह, पत्नी एमडी ऋतु सिंह, डायरेक्टर प्रदीप यादव और पलास 31 अगस्त 2021 से ही चौकाघाट जिला जेल में बंद है।(हि.स.)

Related Articles

Back to top button