
लखनऊ । उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद के कार्यालय का चक्कर लगा रहे रामबचन के प्लाॅट के अतिक्रमण को आज हटाया गया। प्लाट पर अवैध रूप से हुए अतिक्रमण को हटाते हुए परिषद के अभियंता उदयवीर सिंह मौके पर मौजूद रहे।
लखनऊ के इंदिरा नगर सेक्टर 16 में रामबचन का प्लाट है और इस पर एक महिला की भी दावेदारी रही है। बीते कुछ समय से चल रहे इस विवाद में किसी अन्य व्यक्ति द्वारा प्लाॅट पर अतिक्रमण कर लिया गया। कुछ समय बाद रामबचन परिषद के कार्यालय में अधिकारियों से मिलकर अपनी बात करता रहा। आवास विकास परिषद के अधिकारियों के आदेश पर शनिवार को मौके पर जेसीबी भेज कर अतिक्रमण को हटाया गया।
आवास विकास परिषद के निर्माण खंड 6 की टीम का नेतृत्व कर रहे अभियंता उदयवीर सिंह ने स्थानीय थाने से पुलिस बल बुलाया और इसके बाद कार्रवाई शुरू की। करीब 4 घंटे की कार्यवाही के बाद गाजीपुर थाना, इन्दिरा नगर थाना क्षेत्रों की पुलिस की मौजूदगी में प्लॉट से अतिक्रमण हटा दिया गया।
आवास विकास परिषद के अभियंता उदयवीर सिंह के नेतृत्व में इंदिरा नगर क्षेत्र के ही सेक्टर 22 में भी एक और अतिक्रमण हटाया गया। जिसकी कार्यवाही के बाद रामबचन के प्लाॅट के अतिक्रमण को हटाने का कार्य शुरू हुआ।(हि.स.)



