
सम्पत्ति सम्बन्धी विवादों में काफी कमी लाएगी घरौनी दस्तावेज-हरिराम चेरो
दुद्धी ब्लाक के आधे दर्जन गांवों के 357 ग्रामीणों को वितरित की गई घरौनी
दुद्धी, सोनभद्र– स्वामित्व योजना के तहत स्थानीय विकास खंड के लगभग आधे दर्जन गांवों के लगभग साढ़े तीन सौ से अधिक भू-स्वामियों को ग्रामीण आवासीय अभिलेख (घरौनी) का वितरण किया गया। घरौनी वितरण के उपरांत विधायक हरिराम चेरो ने कहा कि स्वामित्व योजना के अंतर्गत ग्रामीण आवासीय अभिलेख (घरौनी) प्राप्त होने से प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में सम्पत्ति सम्बन्धी विवादों में काफी कमी आएगी। इस योजना के माध्यम से ग्रामीणों को अपने गांव के आबादी क्षेत्र में स्थित अपनी संपत्तियों (भवन, प्लाट आदि) के प्रमाणित दस्तावेज़ प्राप्त होंगे, जिनका उपयोग बैंकों से लोन आदि प्राप्त करने में किया जा सकेगा।
दुद्धी तहसील सभागार में आयोजित घरौनी वितरण कार्यक्रम में विधायक हरिराम चेरो के साथ प्रशासन की ओर से एसडीएम दुद्धी रमेश कुमार, भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज सिंह बबलू,दिलीप पांडेय, मानोज मिश्रा ने 357 लाभार्थियों को घरौनी वितरित किया। तहसीलदार ज्ञानेंद्र यादव ने जानकारी दिया कि 357 लोगों को भू स्वामित्व प्रमाण पत्र दिया गया है। जिसमें रजखड़ गांव के 59, कटौली के 16, कटौन्धी के 38, निमियाडीह के 7, कर्री के 2, मनबसा के 1, मल्देवा के 88, बीड़र के 43, दुम्हान के 56, झारोकला के 24, कादल के 1, डूमरडीहा 22 के लाभार्थी शामिल हैं।



