
रंगों के पर्व होली में जमकर थिरके युवा,रंगों में सराबोर होकर मनाया जश्न
होली का त्योहार शांतिपूर्ण सम्पन्न
दुद्धी,सोनभद्र– तहसील मुख्यालय एवं आसपास के क्षेत्रों में रंगों का पर्व होली हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शुक्रवार को होली के साथ ही जुमे की नमाज और शबेरात के मद्देनजर प्रशासन पूरे दिन चौकन्नी रही।

नगर में परंपरागत तरीके से पंचदेव मंदिर से होलियारों की टीम झाल मजीरे के साथ होलिका का धुल उड़ाने के लिए निकली| तहसील,कोतवाली गेट से होते हुए मस्तानों की टोली जैसे ही मुख्य चौक पर पहुंची,वहां उनकी आगवानी रंगों से हुई| इसके बाद ढोल मजीरे की धुन पर झूमते नाचते मस्तानों की टोली मेन रोड होते हुए काली तिराहा होते हुए होलिका दहन स्थल पर पहुंची।वहां सविधिक पूजन अर्चन के बाद घर,परिवार,समाज एवं राष्ट्र की मंगलकामना करते हुए होलिका का धुल एक दुसरे के मस्तक पर लगाकर पर्व की शुभकामना दी| इसके बाद तो समूचे नगर एवं क्षेत्र में आधुनिक होली का खुमार पुरे शबाब पर पहुंच गया |
डीजे एवं ध्वनि विस्तारक उपकरणों की धुन पर संकट मोचन,मां काली तिराहा,रामनगर समेत अन्य स्थानों पर युवाओं एवं बच्चों को टोली थिरकते हुए लोगों को रंग गुलाल से सराबोर करने में दोपहर बाद तक जुटी रही| तहसील मुख्यालय के मेन चौक,काली तिराहा,मुंसिफ कंपाउंड ,शिवाजी तालाब मार्ग समेत दर्जनों स्थानों पर यह सिलसिला दोपहर बाद तक चला| इसमें जगह-जगह महिलाओं की टीम भी खूब मस्ती करती दिखी। इसके बाद अबीर गुलाल के जरिये भाई चारा का संदेश देते हुए, लोग देर रात तक एक दूसरे के घर जाकर मेल मिलाप करते रहे| इस दौरान सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम देखने को मिला| सीओ रामआशीष यादव एवं कोतवाल राघवेन्द्र सिंह अपने अधीनस्थों के साथ पूरे दिन चक्रमण करते रहे।



