Breaking News

स्वास्थ्य योजनाओं को जमीनी स्तर पर पहुंचाएं स्वास्थ्यकर्मी-विधायक

कोरोनो काल में एएनएम के कार्यों की विधायक ने की सराहना.स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति सजग रहें आमजन- चेयरमैन

महराजगंज। आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत सदर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र परिसर में सोमवार को स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। मेले को संबोधित करते हुए सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने कहा कि एएनएम सहित सभी स्वास्थ्यकर्मी स्वास्थ्य विभाग की सभी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाएं। स्वास्थ्य मेले में कुल 456 मरीजों का उपचार किया गया।

उन्होंने कहा कि कोरोना काल में जहां बड़े बड़े निजी अस्पताल के संचालक अपना अस्पताल बंद कर दिए थे, वहीं हमारी एएनएम बहनें व चिकित्सक अपने जान की परवाह किये बिना सेवा में जुटे रहे। इस लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कर्मचारी बधाई के पात्र हैं। नगर पालिका परिषद महराजगंज के चेयरमैन कृष्ण गोपाल जायसवाल ने मेले में उपस्थित लोगों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए स्वच्छता जरूरी है। स्वास्थ्यकर्मी सरकार की मंशा के अनुरूप काम करें ताकि महराजगंज जनपद प्रदेश में नंबर वन बन सके।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि मेले में विभिन्न विभागों द्वारा आयोजित स्टाल पर जाकर योजनाओ का लाभ उठाएं। जिन लोगों को कोई बीमारी संबंधित शिकायत हो वह चिकित्सक से दिखाकर दवा लें। मेले में उपचार और दवा निःशुल्क मिलेगी। कार्यक्रम का संचालन स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी श्रीभागवत सिंह ने किया। इस अवसर में अपर निदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य डाॅ. रमेश गोयल, अपर मुख्य चिकित्सा डाॅ.राकेश कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी दुर्गेश कुमार, सीएचसी के अधीक्षक डाॅ.केपी सिंह, डाॅ.प्रज्ञा सिंह, सतेन्द्र सिंह, विजय प्रताप प्रताप सिंह, शेषमणि, आशुतोष त्रिपाठी, सतेन्द्र त्रिपाठी, डीसीपीएम संदीप पाठक, महेन्द्र यादव और यूएनडीपी के जिला कोल्ड चेन मैनेजर नागेन्द्र पांडेय प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

दो बच्चों का अन्रप्राशन तो गर्भवती की हुई गोदभराई

सदर सीएचसी परिसर में आयोजित स्वास्थ्य मेले में लगाए गए सभी स्टाल का सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया और नगर अध्यक्ष कृष्ण गोपाल जायसवाल एवं अधिकारियों ने निरीक्षक किया। वहीं पर दो गर्भवती महिमा और पंचम भारती की गोदभराई कर पोषण पोटली दी गयी। सात-सात माह के दो बच्चियों तृप्ति और अंशिका को अन्रप्राशन कराया गया। विधायक ने दोनों गर्भवती को पोषण पोटली दिया जबकि बच्चियों को खीर खिलाकर अन्नप्राशन कराया। अवधेश सहित अन्य लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड दिया गया।

मेले में मिले उच्च रक्तचाप के 15 व सुगर के एक मरीज

डाॅ. मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि मेले में 11 गर्भवती को एएनसी चेकअप के लिए भेजा गया। भीम नारायण की भी खून जांच की गयी। वह मधुमेह का मरीज पाया गया। उच्च रक्तचाप के 15 मरीज मिले। शकुन्तला नाम की महिला के शरीर में 4.8 ग्राम खून था, उसको खून चढ़वाने की सलाह दी गयी। उपचार स्टाल पर डाॅ. मोहनलाल चौरसिया, डाॅ. जितेन्द्र कुमार, डाॅ। विजय, कृष्ण कांत नेत्र सहायक, उमाशंकर,अनुराधा, पुनीता पटेल, शिखा सिंह और मंजू विश्वकर्मा मौजूद रहे।

19 को सिसवा और निचलौल में लगेगा स्वास्थ्य मेला

सीएमओ डाॅ.अशोक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि 19 अप्रैल को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र निचलौल और सिसवा में लगेगा। क्षेत्रीय जनता से अपील है कि स्वास्थ्य मेले का लाभ उठाएं।

Related Articles

Back to top button