
नापाक हरकत : आतंकी सरगना हाफिज सईद करवा रहा है मुंबई हमले के आतंकियों के लिए पाकिस्तान में प्रार्थना
नई दिल्ली : आज 26/11 है और आज के दिन मुंबई में हुए आतंकी हमले की आज बरसी है। इस दिन पाकिस्तान में राजनीति का नकाब पहने आतंकी संगठन जमात-उद-दावा ने मुंबई हमले में मारे गए 10 आतंकियों के लिए आज एक विशेष प्रार्थना सभा रखी है। मुंबई हमले के 12 साल बाद पाकिस्तान के पंजाब के साहीवाल में यह विशेष प्रार्थना सभा होगी। जमात-उद-दावा पाकिस्तान में स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का ही राजनीतिक चेहरा है। संगठन की तरफ से सदस्यों को फरमान जारी कर इस कार्यक्रम में जुटने को कहा गया है। बता दें कि कुख्यात आतंकी हाफिज सईद जमात-उद-दावा का सरगना है।
खुफिया सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार यह स्पेशल मीटिंग जमात की मस्जिदों में होगी और इसमें 2008 में मुंबई हमले में 170 लोगों का कत्लेआम करने वाले आतंकियों के लिए प्रार्थना की जाएगी। ज्ञातव्य है कि मुंबई हमले में 9 आतंकियों को ढेर कर दिया गया था, जबकि एक आतंकी अजमल कसाब को जिंदा पकड़ लिया गया था। कसाब को बाद में सुप्रीम कोर्ट ने मौत की सजा सुनाई थी, जिसके बाद उसे फांसी पर लटका दिया गया था। भारत ने पूरी दुनिया के सामने सबूत पेश कर हाफिज सईद को मुंबई हमलों का मास्टरमाइंड बताया था और सईद पर संयुक्त राष्ट्र की सुरक्षा परिषद (UNSC) ने 10 मिलियन डॉलर का इनाम घोषित कर रखा है।



