Crime

गौसेवकों ने पकड़ा मवेशियों से भरा कंटनेर, 100 में से 15 गायों की मौत

रायपुर । रायपुर में गो तस्करी का एक बड़ा मामला उजागर हुआ है। एक कंटेनर में लगभग 100 गायों की तस्करी की जा रही थी। रायपुर-दुर्ग के बीच कुम्हारी नाका में गौसेवकों ने गायों से भरे कंटेनर को पकड़ा है। जानकारी के अनुसार, 100 में से लगभग 15 गायों की मौत हो गई है। इसके साथ ही कई पैर भी टूटे हुए हैं। मामले में कुम्हारी पुलिस जांच में जुटी है। वहीं इस मामले में पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर ट्वीट कर प्रतिक्रिया दी है। इसके अलावा विधानसभा में भी विपक्ष ने यह मामला उठाया।

इस बात की सूचना मिलने पर कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक विकास उपाध्याय मौके पर पहुंच गए। गोसेवकों के मुताबिक कंटेनर में चार लोग मौजूद थे। गोसेवकों ने जैसे ही कंटेनर को पकड़ा चारों मौके से भाग खड़े हुए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।बताया जा रहा है कि यह मामला मंगलवार देर रात का है। जहां बड़ी संख्या में गो-तस्करी की घटना को अंजाम दिया जा रहा था। जिस कंटेनर में तस्करी की जा रही थी, उस कंटेनर की पहचान छुपाने के लिए नकली नंबर प्लेट लगाया गया था। गायों से भरा कंटेनर को गोसेवकों ने पकड़ लिया। इसके बाद जमकर बवाल मचा। वहीं गोसेवकों द्वारा जरवाय स्थित गोठान में मवेशियों को लाया गया है।

विधानसभा में उठा मामला
इतनी बड़ी संख्या में गायों की तस्करी की खबर से राजधानी में सनसनी फैल गई। बात विधानसभा तक पहुंच गई। कांग्रेस विधायक राम कुमार यादव ने शून्यकाल के दौरान गायों की बड़े पैमाने पर तस्करी के मामले को उठाया। उन्होंने सदन को सूचना दी कि, रायपुर में 100 गायों को कंटेनर से ले जाते हुए पकड़ा गया है। उनका कहना था कि, छत्तीसगढ़ पृथक राज्य बनने के बाद इतनी बड़ी संख्या में गोतस्करी की यह पहली घटना है।

कांग्रेस विधायक उमेश पटेल ने कहा- जब हमन गोठान की व्यवस्था बनाई थी, तो सवाल उठाया जाता था। लेकिन इनके पास अब कोई व्यवस्था नहीं है। उन्होंने सरकार को घेरते हुए कहा कि, कंटेनर में 100 गायों को लेकर तस्करी की जा रही थी। इसके बाद सदन में जोरदार हंगामा हो गया। विपक्ष ने गोहत्या बंद करो के नारे लगाए। तब जाकर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा- बड़े ही गंभीर विषय पर आप लोगों ने ध्यान आकर्षित कराया है। सरकार के ध्यान में बात आ गई है। वे इस मामले को देखेंगे।

भूपेश बघेल ने साधा भाजपा पर निशाना
वहीं गो-तस्करी मामले में पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर ट्वीट कर लिखा कि यह दृश्य देखकर बहुत दुख हो रहा है। सूचना मिली है कि रायपुर में हीरापुर के पास ग्रामीणों ने एक ट्रक पकड़ा है, जिसमें लगभग 100 गायें थी। पता चला है 13 गायों की मृत्यु हो चुकी है। उन्होंने बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा की सरकार आते ही तस्करी और गौ माता पर अत्याचार का सिलसिला फिर शुरू हो गया। इन तस्करों के गिरोह और शासन में बैठे गौ हत्यारों को सामने आकर जवाब देना होगा।(वीएनएस)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button