दुद्धी के बीडर गांव में एक पखवाड़े में चौथी मौत, दहशत
क्षेत्रीय विधायक ने अज्ञात बीमारी की जताई आशंका
दुद्धी, सोनभद्र। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बीडर में शुक्रवार की दोपहर एक ग्रामीण की अबूझ हाल में मौत हो गई। एक पखवारे के भीतर अचानक हो रही चौथी मौत से लोगों में दहशत का माहौल है। चारों व्यक्तियों की मौत स्वास्थ्य हालत में खाने-पीने के बाद सोते समय संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। शुक्रवार की दोपहर ग्रामीण विश्वम्भर पुत्र जद्दु राम 35 वर्ष घर पर ही खाना खा पीकर आराम कर रहा था।इसी बीच उसकी मौत हो गयी। अचानक अबूझ हाल में हुई मौत से घर मे कोहराम मच गया। प्रधान सुरेश प्रसाद ने बताया कि विश्वम्भर को कोई बीमारी नही थी।सुबह हमारी उससे मुलाकात व हालचाल हुआ था। गांव में एक के बाद एक हो रही अचानक मौत से प्रधान सुरेश भी सकते में हैं।
उन्हें गांव में किसी अज्ञात बीमारी फैलने का डर सता रहा है। उन्होंने बताया कि इसके पूर्व 57 वर्षीय होमगार्ड कामेश्वर प्रसाद पुत्र रामविलास राम की कोतवाली दुद्धी से ड्यूटी कर घर वापस जाकर खाना-पीकर सोये और मौत हो गई। तीसरी घटना में 48 वर्षीय सुंदरपाल पुत्र भुक्खी रात में खाना-पीना खाने के घंटे भर बाद अचानक उन्हें प्यास की शिद्दत महसूस हुई। पत्नी ने सुसुम (गर्म) पानी दिया तो पीते ही बिस्तर पर गिरकर बेहोश हो गए। रात्रि 11.30 पर परिजन उन्हें लेकर सीएचसी आये तो ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने जांच के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया। चौथी घटना में फूलसिंह पटेल पुत्र बासदेव की भी इसी तरह अचानक मौत हुई है। स्वास्थ व्यक्तियों की अबूझ बीमारी से मौत पर क्षेत्रीय विधायक हरीराम चेरो ने भी पिछले दिनों दुख प्रकट किया है, साथ ही विधायक सहित ग्रामीणों ने तत्काल स्वास्थ्य विभाग के मुखिया मुख्य चिकित्साधिकारी से बीडर गांव में स्वास्थ्यकर्मियों की टीम भेजने की मांग की है।



