Crime

आग में झुलसने से चार माह के दुधमुंहे बच्चे की मौत

महराजगंज। बृजमनगंज क्षेत्र के सिंकदरा जीतपुर में संदिग्ध अवस्था में झोपड़ी में लग गई। आग में झुलसने से चार माह के दुधमुंहे बच्चे की मौत हो गई। झोपड़ी में रखा सामान भी जलकर राख हो गया।  प्राप्त समाचार के अनुसार बृजमनगंज क्षेत्र के सिंकदरा जीतपुर निवासी श्यामदेव यादव परिवार के साथ झोपड़ी में रहते हैं। सुबह रोज की भांति भोजन के बाद वह ईंट भट्ठे पर मजदूरी के सिलसिले में चले गए थे। पत्नी रीना भी किसी काम से खेत चली गई। इस दौरान अचानक झोपड़ी में आग लग गई, जिससे अंदर रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।

झोपड़ी में सो रहा चार माह का बच्चा विष्णु भी गंभीर रूप से झुलस गया। आग की लपटों को देखकर गांव के लोग दौड़ कर पहुंचे और आग को बुझाने का प्रयास करने लगे। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। परिजन गंभीर रूप से झुलसे मासूम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धानी ले गए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत देखकर मेडिकल कॉलेज गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया गया। गोरखपुर मेडिकल कॉलेज पहुंचते ही मासूम ने दम तोड़ दिया। इसकी सूचना पाकर विधायक बजरंग बहादुर सिंह मौके पर पहुंच कर पीड़ित परिवार को हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया।

Related Articles

Back to top button