
24 घंटे बिजली के लिए उपभोक्ताओं को समय से जमा करना होगा बिल : ए के शर्मा
ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री ने बिजली महोत्सव एवं ऊर्जा दिवस कार्यक्रम का शुभारम्भ किया
लखनऊ । आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत ऊर्जा विभाग द्वारा फिरोजाबाद जनपद के टूण्डला में आयोजित बिजली महोत्सव एवं ऊर्जा के अवसर पर ‘उज्ज्वल भारत, उज्ज्वल भविष्य’ पॉवर 2047 के रूप में आयोजित कार्यक्रम को प्रदेश के ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री ए0के0 शर्मा ने मंगलवार को शुभारम्भ किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा चलाये गये सौभाग्य योजना के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किया।
ए0के0 शर्मा ने कहा कि लोगों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति हो और 24 घंटे बिजली मिले इसके लिए उपभोक्ताओं को भी अपने बिजली बिल का समय से भुगतान करना होगा। साथ ही बिजली बचत के भी प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि बिजली वर्तमान समय की सबसे आवश्यक चीजों में से एक है। हवा, पानी की तरह बिजली भी जीवन के लिए उपयोगी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने प्रदेश के हर गांव व मजरों में बिजली पहुंचाने का संकल्प लिया था, जिस पर अभूतपूर्व कार्य हुआ और आज प्रदेश अंधेरे के बजाय उजाले पूर्ण है। सभी को निर्बाध आपूर्ति मिले इसके लिए बिजली विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के ऊपर बहुत बड़ी जिम्मेदारी एवं जवाबदेही है।
ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में इस बार सर्वाधिक बिजली का उत्पादन हुआ। पहले विद्युत उत्पादन यूनिट अपनी कार्यक्षमता का 66 फीसद काम करते थे लेकिन पिछले 3 महीने में वह 80 फीसद कार्यक्षमता के साथ काम कर रहे हैं। अखिलेश सरकार में बिजली की जितनी सर्वाधिक मांग थी, वह इस समय प्रदेश की न्यूनतम मांग है। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग के इतिहास में पहली बार बिजली दरों में कमी की गई है जो कि ऐतिहासिक है। इसका लाभ हर क्षेत्र एवं श्रेणी के उपभोक्ताओं को मिल रहा है। एकमुश्त समाधान योजना से ऐतिहासिक ब्याज रहित बिजली का बिल जमा करके उपभोक्ता लाभान्वित हुए हैं।
वहीं एक दूसरे कार्यक्रम में ‘सम्भव’ पोर्टल के निस्तारण की भी समीक्षा की। उन्होंने बताया कि व्यवस्था अनुसार सभी डिस्काम में मंगलवार को प्रबन्ध निदेशक के स्तर पर की गई जनसुनवाई में कुल 15 शिकायतें प्राप्त हुई, जिसमें से 03 मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, शेष 12 शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के लिए सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। वहीं सोमवार को सभी अधीक्षण अभियन्ता एवं अधिशासी अभियन्ता के स्तर पर जनसुनवाई की गई, जिसमें कुल 809 शिकायतें प्राप्त हुई। इसमें से 734 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया और शेष 75 शिकायतों के निस्तारण लिए सम्बन्धित को निर्देशित किया गया है।(हि.स.)



