
योगी सरकार ने किया माफिया राज का खात्मा- फग्गन सिंह कुलस्ते
पथरदेवा, देवरिया। उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कमल खिलने जा रहा है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के द्वारा माफियाओं के खिलाफ की गई कार्रवाई सराहनीय है,इस कदम से उत्तर प्रदेश से माफियाराज का अंत हुआ। योगी जी ने माफियाओं को बिल में घुसा दिया। उक्त बातें केंद्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने पथरदेवा से भाजपा प्रत्याशी सूर्यप्रताप शाही के समर्थन में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा द्वारा गैलेक्सी मैरेज हाल पथरदेवा में आयोजित सम्मेलन को संबोधित करते हुये कहा।
केंद्रीय राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि आदिवासी जातियों जनजातियों ,वंचित ,शोषित ,गोड एवं खरवार जाति के विकास के लिए जितना कार्य भारतीय जनता पार्टी ने किया है किसी भी सरकार ने नहीं किया है। मैं स्वयं आदिवासी समुदाय से आता हूं भाजपा ने मुझे केंद्रीय मंत्री बनाकर जो सम्मान दिया है उसके लिए हमारा समाज सदैव ऋणी रहेगा। कुलस्ते ने आगे कहा कि मैं अपने समाज के लोगों से अपील करता हूं कि इस विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी सूर्यप्रताप शाही को ही नही केवल बल्कि देवरिया के सभी 7 विधानसभा सीटों को विजयश्री दिला कर विधानसभा में भेजने का काम करें।
उन्होंने कहा कि पिछली भाजपा सरकार में मुझे केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री की जिम्मेदारी दी गई थी और उसी कार्यकाल में पूरे यूपी में 17 मेडिकल कॉलेज खोलने अनुमति मैंने प्रदान की थी। इन मेडिकल कॉलेजों में हमने डॉक्टरों की संख्या भी बढ़ा दी,पूरे प्रदेश में डॉक्टरों की कहीं कोई कमी नहीं होगी यह निर्णय हमने कोरोना का हाल को देखते हुए लिया था। भाजपा सरकार में गरीबों दलितों के लिए अनेक आवास, पेंशन, शौचालय योजना की शुरुआत की गई। जिसका बहुतायत लोगों को लाभ प्राप्त हो रहा है। ऐसी योजनाएं आजादी के बाद किसी भी सरकार ने लोगों तक नहीं पहुंचाई होगी।
सपा शासनकाल में हुई बेहिसाब अत्याचार
वहीं भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष संजय गोंड़ ने सम्बोधित करते हुये कहा कि सपा सरकार के कार्यकाल में गरीब पिछड़ा एवं महिलाओं पर बेहिसाब अत्याचार हुए।जनजाति समाज के लोगों का सपा सरकार में जीना दुस्वार था।इस बार आपने भाजपा की योगी सरकार को देखा है,किसी भी जनजाति समुदाय के लोगो का उत्पीड़न नही हुआ। मैं विश्वास दिलाना चाहता हूं कि फिर एक बार कमल को वोटकर भाजपा की सरकार बनाइये किसी गरीब मजदूर का शोषण नहीं होगा। संचालन भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा जिलाध्यक्ष राजू गोंड़ ने किया।



