International

पाकिस्तान के सियालकोट में धमाके, धधक उठा सैन्य अड्डा

इस्लामाबाद । पाकिस्तान के पंजाब राज्य के सियालकोट शहर में सेना के हथियार के गोदाम में ताबड़तोड़ धमाके हुए हैं। इस कारण लगी आग से सैन्य अड्डा धधक उठा। धमाके के कारणों और जानमाल के नुकसान का अभी पता नहीं चला है। वैसे भारी नुकसान और कई लोगों की जान जाने की आशंका जतायी जा रही है। हर तरफ गोलों के गिरने और धमाकों की आवाज से क्षेत्र में दहशत है।

जानकारी के मुताबिक रविवार सुबह उत्तरी पाकिस्तान के सियालकोट स्थित मिलिट्री बेस पर सिलसिलेवार धमाके हुए हैं। हर तरफ आग की लपटें दिखाई दे रही है। इस घटना के तमाम वीडियो वायरल हो रहे हैं। जिसमें साफ नजर आ रहा है कि बम पटाखों की तरह फट रहे हैं। कई गोले आसपास के इलाके में भी जाते दिख रहे हैं।दावा किया जा रहा है कि पाकिस्तानी सेना के सियालकोट आयुध डिपो पर कोई बाहरी चीज पहले आकर गिरी, इसके बाद वहां आग लग गई। आयुध डिपो में एक के बाद एक कई धमाकों से पूरा इलाका थर्रा उठा। लोग घरों से बाहर निकल आए और घटना के बारे में जानकारी करने लगे। जिस तरह सिलसिलेवार धमाके हुए हैं उससे भारी जानमाल के नुकसान की आशंका है। इस धमाके के पीछे किसका हाथ है, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। पाकिस्तान में पहले भी इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। बलूच विद्रोहियों द्वारा अक्सर सैन्य अड्डों को निशाना बनाया जाता रहा है।(हि.स.)

Related Articles

Back to top button