
ऊर्जा विभाग 25 से मनाएगा बिजली महोत्सव
ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने एकमुश्त समाधान योजना, बिजली आपूर्ति, बिजली व्यवस्था एवं राजस्व वसूली की समीक्षा की
लखनऊ । ऊर्जा विभाग भी आजादी के अमृत महोत्सव के तहत 25 से 31 जुलाई के बीच बिजली महोत्सव व ऊर्जा दिवस मनाने जा रहा है। ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने गुरुवार को अभी से तैयारी करने के भी निर्देश दिये। इसके साथ ही आने वाले त्यौहारों के मद्देनजर क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर, जर्जर तार को जल्द दुरूस्त करने के निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इस दौरान कांवड़ यात्रा करने वालों को रास्ते में किसी भी प्रकार की परेशानी ना हो, इसके लिए कांवड़ यात्रा के मार्ग पर लटकते तारों व जर्जर पोल को शीघ्र ठीक किया जाए, जिससे कोई दुर्घटना न होने पाए।
ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने गरुवार को शक्ति भवन में एकमुश्त समाधान योजना, बिजली आपूर्ति, बिजली व्यवस्था एवं राजस्व वसूली को लेकर सभी डिस्कॉम के एमडी एवं पावर कारपोरेशन के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि सभी एमडी यह सुनिश्चित कर लें कि एकमुश्त समाधान योजना को 15 जुलाई से आगे नहीं बढ़ाया जाएगा। उन्होंने ओटीएस योजना की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि योजना के लिए अब मात्र आठ दिन शेष बचे हैं। इसके लिए उन्होंने पांच हजार प्रतिदिन प्रति सर्कल का लक्ष्य निर्धारित किया और कहा कि सर्कल स्तर पर निर्धारित लक्ष्य को पूरा न करने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने ओटीएस योजना में गति लाने व लक्ष्यों को पूरा करने के लिए मैन पावर बढ़ाने तथा ट्रांसफर अधिकारियों की नई तैनाती स्थल पर शीघ्र ज्वाईन कराने के भी निर्देश दिये। योजना की सूचना लोगों को देने के लिए सोशल मीडिया का प्रयोग करने के साथ अन्य प्रचार सामग्री का भी प्रयोग किया जाए। लोगों को अभी योजना के बारे में जानकारी नहीं है। मेरे पास इसके फरियादी आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि लोगों को इसकी जानकारी देने के लिए सोशल मीडिया पर जिम्मेदार अधिकारियों के मोबाइल नंबर के साथ नजदीकी केंद्रों की जानकारी भी दी जाए, जिससे कि उन्हें आसानी से योजना का लाभ मिल सके। उन्होंने संत कबीर नगर के बिजली अधिकारियों को अपने कार्यप्रणाली में सुधार करने की चेतावनी दी और कहा कि जो भी अधिकारी ओटीएस के निर्धारित लक्ष्य को पूरा नहीं करेगा उसके विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को उपभोक्ता हित में शनिवार एवं रविवार को भी कार्य करने के निर्देश दिये।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि बड़े बकायेदार उपभोक्ताओं को चिन्हित कर सूची बना लें तथा ऐसे बकायेदारों से रोज संपर्क करें, साथ ही उन्हें सतर्क भी करते रहे कि बकाया न जमा होने पर कनेक्शन काटा जाएगा और दंडात्मक कार्रवाई भी की जाएगी। श्री ए0के0 शर्मा ने तीन दिन पहले विपुल खंड, गोमती नगर की रात में बिजली जाने पर अधिकारी द्वारा उपभोक्ता का कॉल रिसीव न करने के मामले को गंभीरता से लेते हुए निर्देशित किया कि बिजली विभाग के सभी अधिकारी 24 घंटे सीयूजी पर आई कॉल को उठाएं और उपभोक्ताओं की समस्या का समाधान करें।
प्रमुख सचिव ऊर्जा एवं चेयरमैन पॉवर कॉरपोरेशन एम देवराज ने बताया कि एकमुश्त समाधान योजना में 30 जून के बाद अपेक्षित प्रगति नहीं आई, जिसके कारण अभी भी दो करोड़ बकायेदार उपभोक्ताओं का बकाया बाकी है। उन्होंने बड़े बकायेदार उपभोक्ताओं को नोटिस जारी करने तथा 15 जुलाई तक बकाये बिल के इस कार्य को पूरा करने के निर्देश दिये। बैठक में पावर कारपोरेशन के एमडी पंकज कुमार, उत्पादन एवं पारेषण के एमडी धीरज साहू मौजूद रहे साथ ही सभी डिस्काम के एमडी वर्चुअली प्रतिभाग किया।(हि.स.)



