NationalPoliticsState

चुनाव -दलों नें प्रत्याशियों की सूची जारी की ,टिकट मिलने के बाद कुछ का कट भी गया ,बाबा को मिली चुनौती

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा ) ने 59 उम्मीदवारों की पहली सूची गुरुवार को जारी कर दी जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को खटीमा सीट से प्रत्याशी बनाया गया है।उत्तराखंड भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक हरिद्वार से चुनाव लड़ेंगे।भाजपा महासचिव अरुण सिंह ने यहां उत्तराखंड के उम्मीदवारों के नामों का एलान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति और भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की अध्यक्षता में केंद्रीय चुनाव समिति की बुधवार को हुई बैठक में उम्मीदवारों के नामों पर सहमति बनी है।

महत्वपूर्ण नामों में ऋषिकेश सीट से उत्तराखंड विधानसभा के अध्यक्ष प्रेम चंद्र अग्रवाल, चौबट्टाखाल से कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, मसूरी से कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, श्रीनगर से मंत्री धन सिंह रावत, सितारगंज से राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा के पुत्र सौरभ बहुगुणा, कालाढूंगी से भाजपा उत्तराखंड इकाई के पूर्व अध्यक्ष बंसीधर भगत और चकराता से बॉलीवुड के मशहूर गायक जुबिन नौटियाल के पिता रामशरण नौटियाल को उम्मीदवार बनाया है।फिलहाल 11 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा अभी नहीं की गई है, जिसमें डोईवाला सीट भी शामिल है। यहां से पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत विधायक हैं और उन्होंने एक दिन पहले ही चुनाव नहीं लड़ने की अपनी इच्छा से केंद्रीय नेतृत्व को अवगत करा दिया था।

भाजपा ने 10 सीटों पर मौजूदा विधायकों का टिकट काटा है, जिनमें पूर्व मुख्यमंत्री भुवनचंद्र खंडूरी की पुत्री और यमकेश्वर से विधायक ऋतु खंडूरी शामिल हैं। पार्टी ने उनका टिकट काटकर रेणु बिष्ट को मौका दिया है।भाजपा ने उम्मीदवारों के चयन में जातीय समीकरण का ध्यान रखा है। पहली सूची में 22 राजपूत, 15 ब्राह्मण, 13 अनूसूचित जाति, तीन वैश्य और एक अनूसूचित जन जाति समुदाय से उम्मीदवार घोषित किए हैं। उनसठ उम्मीदवारों में से छह महिला प्रत्याशी हैं। इसके अलावा चार आध्यत्मिक गुरु भी भाजपा की इस सूची में शामिल हैं।

गोवा विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुरुवार को 34 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। जिसमें गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत सांकली से चुनाव लड़ेंगे।राज्य के पूर्व मुख्‍यमंत्री और देश के पूर्व रक्षा मंत्री रहे मनोहर पर्रिकर के पुत्र उत्पल पर्रिकर का नाम उम्मीदवारों की पहली सूची में शामिल नहीं है। श्री पर्रिकर पणजी से टिकट मांग रहे थे और वहां से पार्टी ने वर्तमान विधायक अतनासियो मोंटेसेरेट को ही प्रत्याशी बनाया है। इसके अलावा राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री लक्ष्मीकांत पार्सेकर का नाम भी उम्मीदवारों की पहली सूची में नहीं है।गोवा के उपमुख्यमंत्री मनोहर अजगांवकर मडगांव से चुनाव लड़ेंगे।

भाजपा महासचिव अरुण सिंह ने पार्टी प्रत्याशियों की सूची जारी करते हुए कहा कि पहली सूची में नौ अल्पसंख्यक उम्मीदवार हैं वहीं सामान्य सीट से तीन अनुसूचित जनजाति और एक अनुसूचित जाति के कार्यकता को टिकट दिया गया है। वहीं दो महिला प्रत्याशियों के नाम भी पहली सूची में शामिल किये गये हैं।दिलचस्प बात है कि एक परिवार से एक टिकट का सिद्धांत रखने वाली भाजपा की दोनों महिला उम्मीदवारों तालेगांव से जेनिफर मोंटेसेरेट और पोरिएम से दिव्या विश्वजीत राणे के पति को भी भाजपा ने चुनाव मैदान में उतारा है। श्रीमती राणे के पति विश्वजीत प्रताप सिंह राणे वालपोई और श्रीमती मोंटेसेरेटन के पति श्री मोंटेसेरेटन पणजी से उम्मीदवार हैं।

इस मौके पर भाजपा के गोवा चुनाव प्रभारी देवेंद्र फडणवीस ने कहा, “पूर्व मुख्यमंत्री श्री पर्रिकर और उनका परिवार हमारा परिवार है। हमने उनके पुत्र को पणजी की जगह दो विकल्प दिए थे लेकिन उन्होंने पहले के लिए मना कर दिया। दूसरे विकल्प पर उनसे चर्चा की जा रही है। हमें लगता है कि वह मान जाएंगे।”श्री फडणवीस ने कहा कि भाजपा राज्य की सभी सीटों पर अकेले चुनाव लड़ रही है। उन्होंने कहा पिछले 10 वर्षों से गोवा में भाजपा की सरकार ने स्थिरता और विकास के मूलमंत्र को यथार्थ में उतारा है। गोवा की राजनीति में जो अस्थिरता थी, उसे भाजपा ने खत्म किया और पार्टी गोवा को विकास के एक नए पथ पर लेकर गई।श्री फडणवीस ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सिर्फ इसलिए गोवा चुनाव में उतरी है ताकि राज्य में फिर से लूट शुरू की जा सके।

कांग्रेस के बड़े नेता पार्टी छोड़ कर चले गए हैं। उन्होंने इस बार गोवा चुनाव मैदान में उतरी तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि गोवा में तृणमूल ज़मीन पर शून्य है और यह दल हिन्दू विरोधी और साम्प्रदायिक है।उन्होंने आप आदमी पार्टी पर भी हमला करते हुए कहा कि आप झूठ की पार्टी है, गोवा की जनता इन्हें नकार देगी।भाजपा चुनाव प्रभारी ने कहा कि गोवा में सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी कई योजनाएं में भाजपा सरकार चला रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला और बाल विकास और कानून व्यवस्था को मजबूत करने में गोवा सरकार ने अभूतपूर्व कार्य किया है।उल्लेखनीय है कि गोवा की 40 विधानसभा सीटों के लिए मतदान 14 फरवरी को होगा और मतगणना 10 मार्च को होगी।

कांग्रेस ने जारी कि उप्र के लिए 41 उम्मीदवारों की दूसरी सूची

कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए 41 उम्मीदवारों की दूसरी सूची गुरुवार को जारी की जिसमें 16 महिला उम्मीदवारों को टिकट दिए गए हैं।कांग्रेस के चुनाव प्रभारी मुकुल वासनिक ने आज यह जानकारी देते हुए बताया कि सूची में मौजूद नामों की पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने मंजूरी दी है। इसके साथ ही प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी ने कुल 166 उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं जिनमें 66 महिलाएं है।पार्टी ने आज घोषित 16 में से चार महिलाओं को सुरक्षित सीटों पर टिकट दिए हैं जिनमें श्रीमती प्रीति धनगढी को इगलास, मोनिका सूर्यवंशी को खैर, भावना बाल्मीकि को हापुड़ तथा मिथिलेश को चंदौसी से टिकट दिया गया है।राज्य विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची प्रदेश प्रभारी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन खुद घोषित की थी।

अखिलेश लड़ेंगे मैनपुरी की करहल सीट से विधानसभा चुनाव

उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव मैनपुरी जिले की करहल सीट से किस्मत आजमायेंगे। वहीं सपा ने गोरखपुर शहर सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिवंगत नेता उपेन्द्र शुक्ला की पत्नी सुभावती शुक्ला को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ चुनाव मैदान में उतारा है।सपा के प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने गुरुवार को अखिलेश और शुक्ला को विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाये जाने की पुष्टि करते हुये बताया कि पार्टी अध्यक्ष को मैनपुरी की करहल सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। उन्होंने कहा कि सपा में शामिल हुयी सुभावती शुक्ला को गोरखपुर सदर सीट से चुनाव मैदान में उतारा जायेगा

सपा ने आगरा में बदला एक और प्रत्याशी, बसपा ने भी दो बदले

समाजवादी पार्टी (सपा) ने आगरा दक्षिण विधानसभा सीट पर रिजवान रईसउद्दीन कुरैशी के स्थान पर व्यापारी नेता विनय अग्रवाल को प्रत्याशी बनाया है।सपा ने जिले की नौ विधानसभा सीटों में से सिर्फ एक पर ही मुस्लिम प्रत्याशी को चुनाव मैदान में उतारा था। सपा महानगर अध्यक्ष चौधरी वाजिद निसार ने दक्षिण सीट पर प्रत्याशी बदले जाने की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि विनय अग्रवाल दक्षिणी सीट से अब प्रत्याशी होंगे। इससे पहले सपा ने बुधवार को फतेहाबाद विधानसभा सीट पर राजेश शर्मा काे हटाकर रूपाली दीक्षित को प्रत्याशी बनाया था। लखनऊ में उन्हें बी फार्म दे दिया गया। रूपाली के पिता अशोक दीक्षित इसी सीट से बसपा और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ चुके हैं।

विधानसभा चुनाव में योगी को चुनौती देंगे चंद्रशेखर आजाद

उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गोरखपुर सदर सीट पर आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद चुनौती देंगे।आजाद समाज पार्टी की ओर से गुरुवार को जारी बयान के अनुसार चंद्रशेखर आजाद गोरखपुर सदर सीट से उम्मीदवार होंगे। गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी (सपा) से गठबंधन की कोशिशें नाकाम रहने के बाद आजाद की पार्टी ने अकेले ही चुनाव लड़ने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि हम परिवर्तन की लड़ाई लड़ रहे हैं। छुटमलपुर के पास स्थित गांव घड़कोली के रहने वाले चंद्रशेखर आजाद ने एलएलबी की पढ़ाई देहरादून से की है। वर्ष 2015 में भीम आर्मी भारत एकता मिशन का गठन किया गया था, जिसके वह संस्थापक हैं। मई 2017 में जब शब्बीरपुर गांव में जातीय हिंसा हुई तो भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन कर सुर्खियां बटोरीं थीं। जेल से रिहा होने के बाद चंद्रशेखर ने मिशन जारी रखा और दलितों के खिलाफ होने वाले मामलों में कार्रवाई की मांग उठाते रहे। हाथरस की बिटिया से दरिंदगी के मामले से लेकर राजस्थान और हरियाणा में हुई घटनाओं के विरोध में भी प्रदर्शन किए। इसके अलावा दिल्ली में संत रविदास मंदिर हटाने से रोकने को लेकर भी आंदोलन किया।

निर्भया मामले की वकील सीमा कुशवाहा बसपा में शामिल हुईं

बहुचर्चित निर्भया मामले में पीड़ित पक्षकारों की कानूनी लड़ाई को अंजाम तक पहुंचाने वाली उच्चतम न्यायालय की वकील सीमा कुशवाहा गुरुवार को बहुजन समाज पार्टी (बसपा) में शामिल हो गयीं।महिला अधिकारों की मुखर वकालत करने वाली कुशवाहा ने निर्भया मामले में निचली अदालत से लेकर उच्चतम न्यायालय तक पैरवी कर पीड़ित पक्षकार को न्याय दिला कर ख्याति अर्जित की। बसपा महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा के कार्यालय ने कुशवाहा के बसपा में शामिल होने की पुष्टि की।

VARANASI TRAVEL
SHREYAN FIRE TRAINING INSTITUTE VARANASI

Related Articles

Back to top button
%d bloggers like this: