
अकीदत और एहतराम के साथ अदा की गई ईद उल फित्र की नमाज
पहली बार सड़कों की बजाय जामा मस्जिद एवं पूर्व की भांति ईदगाह में पढ़ी गई नमाज
दुद्धी, सोनभद्र– स्थानीय कस्बे व आसपास के ग्रामीण अंचलों में ईद का त्योहार पूरे अकीदत और एहतराम से ईदगाहों और मस्जिदों में अदा की गई। सुबह करीब 7:00 बजे ही बच्चे से लेकर बूढ़े तक नए-नए परिधानों में सर पर टोपी लगाए हुए इत्र की खुशबू बिखेरते स्थानीय मकतब जब्बरिया ईदगाह के किये कूच करते नजर आए। देखते ही देखते नमाज के लिए मुकर्रर वक्त 8:00 बजे तक ईदगाह खचाखच भर गया। हजरत नसीरे मिल्लत ने ईदगाह में नमाज पढ़ाई व कौम की तरक्की के साथ दुद्धी क्षेत्र व मुल्क की तरक्की, आपसी खुलूस व सद्भाव तथा भाईचारा के लिए रूहानी दुआख्वानी की।
ईदगाह भरने व जगह न मिलने के बाद नमाजियों ने सड़क की बजाय जामा मस्जिद की तरफ रुख कर लिया। जामा मस्जिद में भी पूर्व से निर्धारित 8:30 बजे नमाज हाफिज अब्दुल रज्जाक साहब की इमामत में अदा की गई। कस्बे के अलावा निमियाडीह ईदगाह, दीघुल, बघाडू, टेढ़ा, महुली आदि स्थानों पर भी पुरसकुन माहौल में मुस्लिम बंधुओं ने ईद के दोगाने की नमाज अदा की। नमाज अदा करने तक बड़ी गाड़ियों के लिए ट्रैफिक बंद थी। नमाज के बाद लोग एक-दूसरे के गले मिलकर ईद की बधाइयां दीं। एक दूसरे के घर जाकर सेंवई सहित लजीज व्यंजन का स्वाद चखा।
वहीं सोमवार की शाम चांद का दीदार होते ही जहाँ देर रात बाजार में ईद के सामानों की खरीद-फरोख्त के लिए चहल-पहल रही। वहीं मंगलवार की अलसुबह से ही कपड़े, शू सेंटर, मीट-मुर्गे की दुकान, सैलून आदि खुल गए। लोग-बाग कपड़े, जूता-चप्पल मीट मुर्गे आदि खरीदने से लेकर दाढ़ी बाल बनवाने में मशगूल रहे।ईद की नमाज के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक विजय शंकर मिश्रा, उपजिलाधिकारी शैलेन्द्र मिश्रा, पुलिस उपाधीक्षक आशीष मिश्रा, कोतवाल राघवेंद्र सिंह अपने अधीनस्थ पुलिसकर्मियों व पीएसी के साथ मुस्तैद रहे।



