टेंडर फार्म न मिलने से युवाओं में आक्रोश, दिया धरना,
भाजपा नेता सुरेन्द्र अग्रहरि ने कहा इसकी शिकायत मुख्यमंत्री से की जाएगी
दुद्धी,सोनभद्र : विकास खंड मुख्यालय पर मंगलवार को दोपहर तक भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री एवं डीसीएफ अध्यक्ष सुरेंद्र अग्रहरि की अगुवाई में दर्जनों कार्यकर्ता धरने पर बैठ गये| धरने पर बैठे नाराज कार्यकर्ताओं का कहना था कि सरकारी कार्यो में पूरी पारदर्शिता के साथ कार्य कराना शासन की प्रमुख रूप से मंशा है|
केन्द्रीय मंत्री हरदीप सिंह पूरी के सांसद निधि से दुद्धी ब्लाक के लिए छह हाई मास्क लाईट लगने है| जिसके टेंडर प्रक्रिया की अंतिम तिथि 24 जनवरी दोपहर एक बजे तक घोषित किया गया था| किन्तु टेंडर फार्म बिक्री तिथि से लेकर अंतिम तिथि तक काउन्टर से आम लोगों को टेंडर फ़ार्म की बिक्री नही किया गया| जब कोई संबंधित क्रय करने जाता,तो उसे किसी न किसी तरह का बहाना कर टरका दिया जाता है| अंतिम तिथि के दिन इच्छुक लोग टेंडर फ़ार्म लेने कार्यालय पर पहुंचे,तो वहां न तो खंड विकास अधिकारी आये और ना ही लेखाकार मिले| इससे नाराज लोगों ने मामले से डीसीएफ अध्यक्ष श्री अग्रहरि को अवगत कराया, तो वे झट मौके पर पहुंच संबंधित लोगों से बात किया| संतोषजनक उत्तर न मिलने पर वे दर्जनों कार्यकर्ताओं के साथ वही धरने पर बैठ गए|
इस दौरान उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए कहा कि लगभग सभी चुनावों में पार्टी का झंडा बुलंद कर जनप्रतिनिधियों को निर्वाचित कराने वाले कार्यकर्ताओं को नजर अंदाज कर दुसरे दलों से आकर जन प्रतिनिधियों के चाटुकारों को लाभ दिलाने की मंशा को कभी भी फलीभूत होने नही दिया जाएगा| मामले को लेकर उन्होंने जिलाधिकारी समेत अन्य शीर्ष अधिकारियो के साथ ही मुख्यमंत्री एवं पार्टी के शीर्ष पदाधिकारियों को पत्र भेज कर संबंधित अधिकारीयों के साथ मामले में संलिप्त लोगों के खिलाफ जांच कर, कारवाई की मांग की है।
दूसरी तरफ इस बाबत पूछे जाने पर बीडीओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री सामुहिक विवाह की चल रही तैयारी का जायजा लेने गया था,उसी समय कुछ लोग आये थे।जब लौटकर आया तो मौके पर ऐसा कोई नही मिला, जिससे कि उसकी समस्या सुनी जा सके। फार्म न देने की बात गलत है, रजिस्टर्ड सभी लोगों को फार्म दी जा रही है। इस दौरान धनंजय रावत,नीरज शर्मा, शहनवाज, पियूष, श्यामू कुमार आदि लोग उपस्थित रहे|



