Breaking News

जिलाधिकारी ने किया गेहूं क्रय केंद्र का औचक निरीक्षण

क्रय केंद्र प्रभारी मिला अनुपस्थित, कार्रवाई का निर्देश.गेहूं के अभिलिखित स्टॉक में भी मिली कमियाँ

देवरिया । जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बुधवार को फुलवरियाकरन स्थित पीसीयू के गेहूं क्रय केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान क्रय केंद्र प्रभारी गुलाब यादव अनुपस्थित मिले। जिलाधिकारी ने एडीएम (वित्त एवं राजस्व) को क्रय केंद्र प्रभारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी आज अपराह्न धमउर परशुराम फुलवरियाकरन स्थित पीसीयू के गेहूं क्रय केंद्र पहुंचे। गेहूं क्रय केंद्र प्रायः बंद सी स्थिति में मिला। केंद्र पर मौजूद सहायक जयनाथ यादव ने बताया कि सचिव गुलाब यादव गोरखपुर गए हुए हैं। इसके पश्चात जिलाधिकारी ने अभिलेखों की जांच की। स्टॉक रजिस्टर में 30 अप्रैल तक 119 कुंतल गेहूं की खरीद दर्ज मिली। 2 मई को की गई खरीद का अंकन रजिस्टर में नहीं किया गया।

सहायक जयनाथ यादव ने मौखिक तौर पर बताया कि गोदाम में 248 बोरे गेहूं रखे हैं। डीएम ने उसके द्वारा बताये गए बोरों की संख्यात्मक गणना कराने का निर्देश दिया, जिसे कराने में उसने असमर्थता व्यक्त की। इस पर डीएम ने उसे कड़ी फटकार लगाई। साथ ही स्टॉक रजिस्टर में अभिलिखित गेहूं और मौखिक तौर पर बताए जा रहे गेहूं की मात्रा के अंतर के संबन्ध में स्पष्टीकरण मांगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार ने गेहूं खरीद के लिए 2015 रुपये न्यूनतम समर्थन मूल्य निर्धारित किया है। गेहूं की खरीद 15 जून तक की जाएगी। सभी क्रय केंद्र प्रभारियों का दायित्व है वे अपने-अपने क्षेत्र के किसानों का पंजीकरण अधिक से अधिक संख्या में कराए और किसानों के आर्थिक हितों की रक्षा करें।

Related Articles

Back to top button