
सीधी (म.प्र)। जिले के चुरहट थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनिया टनल के पास शुक्रवार रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। रात करीब 9.00 बजे तेज रफ्तार बल्कर की टक्कर से तीन बसें आपस में टकरा गईं। ये बसें सतना में आयोजित कोल जनजाति महाकुंभ से लोगों को उनके गंतव्य ले जा रहीं थीं। हादसे में 17 लोगों की मौत हो गई, जबकि 60 लोग घायल हुए हैं।घायलों को सीधी के जिला अस्पताल, चुरहट के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और रीवा के संजय गांधी मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को एयरलिफ्ट करा कर गुरूग्राम के एक निजी अस्पताल में शिफ्ट किया जाएगा।हादसे की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान घायलों का हाल-चाल जानने के लिए सतना से रीवा पहुंचे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान संजय गांधी अस्पताल पहुंचे। उनके साथ राज्यमंत्री रामखेलावन पटेल, पूर्व मंत्री राजेंद्र शुक्ला और रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा मौजूद रहे।
घायलों से मुलाकात करने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मीडियाकर्मियों से बातचीत की। उन्होंने बताया कि ट्रक का पहिया टूट जाने के कारण यह दुर्घटना हुई है। मृतकों के परिजनों को 1000000 की आर्थिक सहायता के साथ अगर उस परिवार में कोई आश्रित सरकारी नौकरी की पात्रता रखता है तो उसे नौकरी दी जाएगी। गंभीर रूप से घायल लोगों को 200000 और सामान्य रूप से घायल व्यक्ति को 100000 की आर्थिक सहायता दी जाएगी। आवश्यकता हुई तो गंभीर घायलों को विमान से उपचार के लिए भेजा जाएगा। साथ ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि जिन लोगों के कच्चे मकान हैं उन्हें विभिन्न योजनाओं का लाभ देकर मदद दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार के साथ दुख की घड़ी में पूरी सरकार खड़ी है।मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घटना और घटना में मृतकों के परिवारजनों के प्रति अपना दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था के निर्देश दिए हैं।
शाम करीब साढ़े पांच बजे कार्यक्रम खत्म होने के बाद सभी बसें सतना से रामपुर बाघेलान और रीवा के रास्ते मोहनिया टनल होकर सीधी जा रही थीं। टनल से एक किलोमीटर दूर सीधी जिले के चुरहट थाना क्षेत्र में बरखड़ा गांव के पास तीन बसें कुछ देर के लिए रोकी गई थीं।पुलिस अधीक्षक मुकेश श्रीवास्तव की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार हादसे में मरने वालों की संख्या 15 हाे गई है। वहीं 60 लोग घायल हैं, जिनमें से 40 घायलों को संजय गांधी अस्पताल, रीवा में भर्ती कराया गया है। इनमें से 15 की हालत गंभीर बनी हुुई है। तीन लोग अति गंभीर रूप से घायल हैं, जिनमें एक पटवारी प्रमोद पटेल भी शामिल हैं। प्रमोद पटेल, जीतेन्द्र तिवारी और शिवम नामक घायलों को उपचार के लिए गुरूग्राम भेजा जा रहा है। वहीं 20 घायलों का जिला अस्पताल, सीधी में उपचार हो रहा है।उन्होंने बताया कि हादसे में पांच पटवारी और तीन पुलिसकर्मी घायल हैं।
शाह ने सीधी सड़क हादसे पर दुख व्यक्त किया
केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को मध्यप्रदेश के सीधी में हुए सड़क हादसे में मारे गये लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की हैं।श्री शाह ने देर रात ट्वीट किया, “सीधी (म.प्र) में हुआ सड़क हादसा अत्यंत दुःखद है। इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूँ। ईश्वर उन्हें यह दुःख सहने की शक्ति दें। प्रशासन द्वारा घायलों को उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ।”राज्यपाल मंंगुभाई पटेल ने हादसे पर शोक जताया है।
सीधी हादसा : नड्डा ने जताया शोक
मध्यप्रदेश के सीधी जिले में देर रात हुए सड़क हादसे पर भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा ने शोक जताया है।श्री नड्डा ने अपने ट्वीट में कहा कि सीधी में हुई सड़क दुर्घटना में कई लोगों के हताहत होने का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। प्रशासन बचाव कार्य में तत्परता से लगा है।उन्होंने कहा कि हादसे में हताहत लोगों के परिजन के प्रति गहरी संवेदना हैं। ईश्वर घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें व दिवंगत आत्माओं को श्री चरणों में स्थान दें।
सीधी बस हादसा : शर्मा ने जताया शोक
मध्यप्रदेश के सीधी जिले के चुरहट थाना क्षेत्र में सीधी रीवा मार्ग पर देर रात हुए भीषण हादसे के बाद अस्पताल पहुंच कर घायलों से मुलाकात करने के बाद भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि पूरा भाजपा परिवार हादसे में हताहत लोगों के परिजन के साथ है।श्री शर्मा ने घायलों से मुलाकात के बाद अपने बयान में कहा कि पार्टी का अध्यक्ष होने के नाते उनकी हताहत लोगों के साथ संवेदनाएं हैं। हम सब उन परिवारों के साथ खड़े हैं, जो इस घटना में हताहत हुए हैं। उचित व्यवस्था से लेकर इलाज तक के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान संवेदनशीलता के साथ तत्काल घटनास्थल पहुंचे।उन्होंने कहा कि पूरी भारतीय जनता पार्टी हादसे से प्रभावित हुए लोगों के परिवारों के साथ खड़ी है।



