International

इमरान खान पर हमले के विरोध में पाकिस्तान में प्रदर्शन

इस्लामाबाद । हकीकी आजादी मार्च में की गई फायरिंग से घायल पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी (पीटीआई) के नेता और पूर्व प्रधानमंत्री और इमरान खान की हालत में पहले से सुधार है। गुरुवार को हुई इस गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई और पीटीआई के सांसद फैसल जावेद समेत 13 अन्य घायल हो गए। इस हमले के विरोध में इमरान के समर्थकों ने देशभर में प्रदर्शन शुरू कर दिया है। इस बीच हालात बिगड़ने पर देश की बागड़ोर सेना को सौंपने के विकल्पों पर सरकार विचार कर रही है।

पाकिस्तान में हालात बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है। यहां सबसे बड़ा सवाल यह है कि पाकिस्तान में आगे क्या होने वाला है? कैसे शहबाज शरीफ की सरकार इस हालात को नियंत्रित कर पाएगी और इसके लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं?‘डॉन न्यूज’ के मुताबिक पूर्व प्रधानमंत्री के दोनों पैरों में तीन गोलियां लगी थीं, जिन्हें सर्जरी कर निकाल दिया गया है। हमलावर को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। इमरान की हालत स्थित है और वह खतरे से बाहर हैं। इस बीच इस्लामिक सहयोग संगठन ने कहा है कि वह सुरक्षा और स्थिरता के लिए किसी भी खतरे के खिलाफ इस्लामिक गणराज्य पाकिस्तान के साथ खड़ा है।

उधर, इमरान खान को गोली लगने के बाद मुल्क में माहौल गरम हो गया है। पाकिस्तान में अब आने वाले कुछ दिनों में स्थिति और बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है। इमरान खान के समर्थक और उग्र हो सकते हैं। राजनीतिक प्रेक्षकों का कहना है कि पाकिस्तान में मौजूदा हालात को देखते हुए सेना के हाथों में पूरी कमान सौंपी जा सकती है। पाकिस्तान मार्शल लॉ और इसी तरह के कुछ और उपायों की तरफ बढ़ता नजर आ रहा है।

पाकिस्तान: लाहौर से इमरान का पीछा कर रहा था हमलावर, जांच के लिए जेआईटी का गठन

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान पर हमला करने वाला युवक आजादी मार्च की शुरुआत स्थल यानी लाहौर से ही इमरान का पीछा कर रहा था। पाकिस्तान सरकार ने हमले की जांच के लिए उच्च स्तरीय संयुक्त जांच दल (जेआईटी) के गठन का एलान किया है। वहीं, हमलावर का बयान लीक होने के मामले में कई पुलिस अधिकारियों को निलंबित किया गया है।

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान लाहौर से इस्लामाबाद तक आजादी मार्च निकाल रहे थे। गुरुवार को इस मार्च के सातवें दिन वजीराबाद में जफर अली खान चौक के पास इमरान खान के वाहन के पास इमरान को निशाना बनाकर गोलियां बरसाई गयीं। ताबड़तोड़ चली गोलियों में इमरान खान को भी गोलियां लगीं।

हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गयी और इमरान खान सहित नौ लोग घायल हो गए थे। इमरान खान को गोली लगने के बाद लाहौर के शौकत खान मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया। वहां भारी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं और अस्पताल के बाहर गुलदस्ते रखकर इमरान के जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

इमरान खान पर हमले को लेकर पाकिस्तान में सियासी घमासान मच गया है। इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक- ए- इंसाफ ने देशव्यापी प्रदर्शनों का एलान किया है। पाकिस्तान के गृह मंत्रालय ने मामले की जांच के लिए उच्चस्तरीय संयुक्त जांच दल (जेआईटी) के गठन की घोषणा की है। पाकिस्तान के गृह मंत्रालय ने इस मसले में पंजाब राज्य की सरकार को निर्देश देकर जांच दल में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ खुफिया विभाग के अधिकारियों को भी शामिल करने के निर्देश दिए हैं।

इस बीच इमरान पर हमला करने वाले ने कहा है कि वह लाहौर से ही इमरान का पीछा कर रहा था। वह उनकी हत्या की योजना बना रहा था। उसने कहा है कि इमरान खान जनता को गुमराह कर रहे हैं, इसलिए उसने इमरान को मारने की पूरी कोशिश की। उसने दावा किया कि वह सिर्फ इमरान खान को मारना चाहता था और किसी को नहीं।

हमलावर का यह बयान लीक होना भी चिंताजनक करार दिया गया है। पंजाब प्रांत के मुख्यमंत्री परवेज इलाही ने हकीकी आजादी मार्च के दौरान हमला करने वाले संदिग्ध व्यक्ति के कबूलनामे को सार्वजनिक करने के प्रकरण पर संज्ञान लिया है। उन्होंने इस मामले में पंजाब पुलिस के महानिरीक्षक को जांच के आदेश देने के साथ लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई को कहा है।

संदिग्ध का कबूलनामा लीक होने के बाद थाना प्रभारी और संबंधित पुलिस थाने के अन्य अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने एक बयान में कहा कि थाने के कर्मचारियों के सभी मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए हैं और उन्हें फोरेंसिक ऑडिट के लिए भेजा जाएगा।(हि.स.)।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button