रक्षा मंत्रालय ने गोरखपुर सिविल एयरपोर्ट को दी 42.14 एकड़ भूमि
यात्रियों की सुविधा को एयरपोर्ट परिसर में 24 घंटे रहेगी एंबुलेंस की सुविधाः रवि किशन
गोरखपुर । गोरखपुर एयरपोर्ट विस्तार का रास्ता साफ हो गया है, इसके लिए रक्षा मंत्रालय ने 42.14 एकड़ भूमि देने के प्रस्ताव को मान लिया है। भूमि के हस्तांतरित होते ही गोरखपुर सिविल एयरपोर्ट के विस्तार को पंख लगा जाएंगे। हवाई अड्डा सलाहकार समिति के अध्यक्ष और सांसद रवि किशन शुक्ल ने यह जानकारी दी।
सांसद रवि किशन ने बताया कि जल्द ही गोरखपुर में नए एयरपोर्ट का निर्माण शुरू होगा। रक्षा मंत्रालय ने विस्तार के लिए 42.16 एकड़ भूमि, गोरखपुर सिविल एयरपोर्ट को देने का प्रस्ताव मान लिया है। भूमि हस्तांतरित कराने की प्रक्रिया चल रही है। नया टर्मिनल भवन दिसंबर माह तक तैयार हो जाएगा।
परिसर में 24 घंटे एंबुलेंस सुविधा
सांसद ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए एयरपोर्ट परिसर में एंबुलेंस की सुविधा रहेगी। होने वाली बैठक में समिति के सदस्यों ने यह इस मांग उठाई थी, जिसे मान लिया गया है। सांसद ने कहा कि सीएमओ से बात कर एंबुलेंस की व्यवस्था कराई जाएगी। अगर नहीं हुआ तो मैं खुद इसकी व्यवस्था करूंगा। सांसद निधि से एंबुलेंस की व्यवस्था होगी।
डीवीओआर लगाने को सर्वे शुरू
इधर, गोरखपुर एयरपोर्ट पर डीवीओआर (वेरी हाई फ्रीक्वेंसी ओमनी रेंज डॉप्लर रडार) लगाने के लिए सर्वे शुरू हो गया है। बुधवार को ही दिल्ली से इंजीनियरों की टीम गोरखपुर पहुंच गई थी। गुरुवार को टीम के सदस्यों ने डीवीओआर लगाने का स्थान चिन्हित किया। एयरपोर्ट पर लग रहा डीवीओआर अत्याधुनिक और हाई-फ्रिक्वेंसी का होगा। यह सिस्टम, विमानों को रास्ता तो दिखाएगा। एटीसी (एयर ट्रैफिक कंट्रोल) से विमानों को 100 किलोमीटर रेंज तक नियंत्रित कर सकेगा।(हि.स.)



