International

विवादास्पद लेखक सलमान रुश्दी पर न्यूयार्क में हमला

न्यूयार्क : भारतीय मूल के विवादास्पद लेखक सलमान रुश्दी पर अमेरिका के न्यूयार्क शहर में एक कार्यक्रम के दौरान घातक हमला किया।मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार श्री रुश्दी पश्चिमी न्यूयार्क में शाउताकुआ इंस्टीट्यूट की एक सभा में व्याख्यान देने जा रहे थे, उनका परिचय बताया जा रहा था कि इसी दौरान उन पर एक व्यक्ति ने प्रहार शुरू कर दिया। कुछ रिपोर्ट में कहा गया है कि उन पर धारदार हथियार से हमला किया गया। वहां उपस्थित लोगों ने हमलावर को रोक लिया था लेकिन तब तक श्री रुश्दी जमीन पर गिर चुके थे।घटना की एक तस्वीर में दिख रहा था कि श्री रुश्दी फर्श पर पीठ के बल गिरे हुए हैं और उन्हें पांच-छह व्यक्ति उठाने का प्रयास कर रहे हैं।

श्री रुश्दी 1980 के दशक में अपनी एक पुस्तक सेटेनिक वर्सेज को लेकर विवाद में आये थे और ईरान के कट्टरपंथी तत्वों से उनको जान से मारने की धमकी मिली थी। श्री रुश्दी की यह किताब ईरान में 1988 से प्रतिबंधित है, इस्लाम धर्म के मानने वाले बहुत लोगों का मानना है कि इसमें ईशनिंदा की गयी है। ईरान के तत्कालीन नेता अयातुल्लाह रोहल्ला खुमैनी ने श्री रुश्दी की मौत का फतवा जारी किया था। उनकी हत्या करने वाले को 30 लाख डॉलर से अधिक का ईनाम देने की घोषणा की गयी थी, पर ईरान सरकार ने उस फतवे अपने को अलग कर लिया था। बावजूद इसके श्री रुश्दी के खिलाफ भावनायें बनी रहीं। उनकी विवादास्पद किताब भारत में भी प्रतिबंधित है। श्री रुश्दी अंग्रेजी में लिखते हैं और लंदन में रहते हैं।(वार्ता)

Related Articles

Back to top button