Breaking News

डी.आई.जी.(जेल) सेवा-रत्न सम्मान से सम्मानित

शानदार सेवाकाल और बंदी व कारागार सुधार के लिए समिति ने किया सम्मानित 

आगरा। सभी कैदी अपराधी नहीं होते, बहुत से कैदी ऐसे होते हैं जिनसे दुर्भाग्य वश गलती हो जाती है। ऐसे बंदियों का जेल में रहने पर  काफी नुकसान होता है। ऐसे बंदियों की मदद करना भी एक पुनीत कार्य होता है।उक्त वक्तव्य डी.आई.जी.(जेल) आगरा रेंज वी.के. सिंह ने उत्तर प्रदेश अपराध निरोधक समिति द्वारा सिकंदरा स्थिति होटल भावना क्लार्क इन में आयोजित केन्द्रीय समिति की बैठक व शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि पद से व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि कारागार में निरुद्ध हर व्यक्ति अपराधी नहीं है। गाँधी जी के दिए वाक्य और समिति के कृतवाक्य “अपराध से घृणा करो,अपराधी से नहीं” उदृत करते हुए समिति के पदाधिकारियों को बताया कि बंदी सुधार और समाज सेवा निःस्वार्थ भाव से आप लोगों द्वारा की जा रही है। उसको और अधिक  तथा सही दिशा में करने की जरुरत है, जिससे समाज को लाभ मिल सके।

दीप प्रज्जवलन से आरंभ हुए कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डी.आई.जी.(जेल) वी.के. सिंह को चैयरमेन डा. उमेश शर्मा सहित सभी केन्द्रीय कार्यकारिणी एवं पदाधिकारियों ने बुके  व प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया।समिति के प्रान्तीय सचिव जी.के. पाठक ने समिति के कार्यकलापों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से सावधानीपूर्वक निस्वार्थ भाव से समाज सेवा करने का आह्वान करने के साथ ही एकजुट होकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने को प्रेरित किया।

चेयरमैन डॉ. उमेश शर्मा ने समिति की वैधानिकता पर विस्तार से जानकारी देते हुए आगाह किया कि दुष्प्रचार से भ्रमित न हों। समिति अपने पदाधिकारियों व सदस्यों के समर्थन से निरन्तर प्रगति करती रहेगी। डॉ. शर्मा ने समाज हित के साथ जेलों में यथासंभव सुविधा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। वहीं समिति की केन्द्रीय कार्यकारिणी एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सभी जोन, मंडल, जिला, महानगर इकाई के पदाधिकारियों ने समिति के लिए निस्वार्थ सेवा भाव से कार्य करने का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम के दूसरे सत्र में, डी.आई.जी. कारागार आगरा रेंज वी.के.सिंह व समिति के चेयरमैन डॉ उमेश शर्मा ने, समाज हित एवं बंदी सुधार में बेहतर योगदान देने हेतु सभी उपस्थित पदाधिकारियों को पद और निष्ठा की शपथ दिलाई।इसके उपरान्त समिति ने डी.आई.जी वी.के.सिंह के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में, उनके शानदार सेवा कार्य हेतु “सेवा-रत्न” सम्मान से सम्मानित किया। इसके साथ ही 32 जिलों के आये समिति पदाधिकारियों ने भी उन्हें उनके विशिष्ट सेवा कार्य हेतु सम्मानित किया।

पदाधिकारी शपथ ग्रहण तथा सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए डी.आई.जी.ने कारागार में सुधार हेतु समिति की भूमिका का विहंगम उल्लेख किया और समिति के चेयरमैन डॉ. उमेश शर्मा एवं प्रांतीय सचिव जी.के. पाठक के नेतृत्व में समिति के सभी पदाधिकारियों द्वारा किये गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया।न

वाइस चेयरमैन वीरेन्द्र शर्मा के संयोजन व समिति के चैयरमेन डा. उमेश शर्मा की अध्यक्षता में संचालित कार्यक्रम में पीयूष तोमर, जोन अध्यक्ष अमित जैन, अखिलेश कुमार, अनीता पाठक, प्रो. एन.पी.सिंह, सौरभ गुप्ता, डॉ.ए.के.सिंह, साजिद खान सहित सभी जोन, मंडल, जिला, महानगर सचिव उपस्थित रहे।  कार्यक्रम का संचालन पूर्व कमिश्नर ओ.पी. रतूडी, सचिव महानगर इकाई मेरठ द्वारा किया गया।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button